KNEWS DESK- चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में मंगलवार (2 जून) को भोपाल की जिला अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। यह फैसला सेशन जज शोभना भालवी की अदालत ने सुनाया।
इससे पहले अदालत ने 29 मई को दोनों आरोपियों को पांच दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा था। सीबीआई रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद न्यायिक हिरासत का आदेश जारी किया गया।
सीबीआई ने 27 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आवास पर सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ करने के बाद गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी उस दिन हुई जब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
वहीं, ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस ने 22 मई को जबलपुर से गिरफ्तार किया था। वह पत्नी की मौत के बाद करीब एक सप्ताह तक लापता रहा था। समर्थ को 23 मई को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) की अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेजा गया था।
मामले की जांच संभालने के बाद सीबीआई ने समर्थ सिंह से पूछताछ के लिए अतिरिक्त रिमांड मांगी थी। जांच एजेंसी ने रिमांड अवधि के दौरान समर्थ को कथित घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया। कटारा हिल्स स्थित घर में कई घंटों तक फॉरेंसिक जांच की गई, जिसमें फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए।
सीबीआई अधिकारियों ने 12 मई की रात हुई घटनाओं को लेकर समर्थ सिंह से विस्तृत पूछताछ भी की। जांच एजेंसी अब जुटाए गए साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
ट्विशा शर्मा कथित तौर पर 12 मई को अपने ससुराल स्थित घर में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न तथा प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले ने तूल पकड़ने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने इसकी जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश की थी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और अदालत के आदेश के अनुसार समर्थ सिंह तथा गिरिबाला सिंह 16 जून तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे।