पश्चिम बंगाल में बड़ा कैबिनेट विस्तार, लोकभवन में 35 मंत्रियों ने ली शपथ, अशोक डिंडा समेत कई नए चेहरे शामिल

KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के करीब एक महीने बाद सोमवार यानी आज शुभेंदु कैबिनेट का बड़ा विस्तार किया गया। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कुल 35 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस विस्तार के साथ राज्य की नई सरकार में कई नए और चर्चित चेहरों को शामिल किया गया है।

शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित हुआ, जहां राज्यपाल की मौजूदगी में सभी 35 विधायकों ने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। इनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर और वर्तमान विधायक अशोक डिंडा का नाम भी शामिल है, जो मोयना सीट से विधायक चुने गए हैं।

कैबिनेट विस्तार में कई अनुभवी और नए चेहरों को जगह दी गई है। राजनीतिक हलकों में चर्चा का केंद्र बने स्वपन दासगुप्ता को महत्वपूर्ण मंत्रालय मिलने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि उन्हें शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

इसके अलावा तपस रॉय, शंकर घोष, रुद्रनील घोष, शरद्वत टुडू, प्रणत टुडू, रूपा गांगोपाध्याय, कल्याण चक्रवर्ती, चंदना बाउरी, जगन्नाथ चटर्जी और सुब्रत मैत्रा जैसे नेताओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

नए कैबिनेट विस्तार से पहले ही कुछ मंत्रियों को विभाग आवंटित किए जा चुके हैं। दिलीप घोष को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पशुपालन और कृषि विपणन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल कल्याण तथा शहरी एवं ग्रामीण विकास विभाग का प्रभार सौंपा गया है।

निशित प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास और खेल विभाग, अशोक कीर्तनिया को खाद्य विभाग और खुदीराम टुडू को पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक मामलों का मंत्री बनाया गया है।

गौरतलब है कि पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ था और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल लंबे शासन का अंत हुआ। इसके बाद 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और शुरुआती कैबिनेट में कुछ ही मंत्रियों को शामिल किया गया था। अब इस बड़े विस्तार के साथ राज्य सरकार ने अपने प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *