कर्नाटक को मिली 15 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, PM मोदी बोले- मध्यम वर्ग बनेगा विकास का भागीदार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देंगी और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगी।

Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देंगी और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यपाल सुधा यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पति ने कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान दिया था। इसके बाद भी उन्होंने मां भारती की सेवा का प्रण निभाया और संसद से लेकर अब कर्नाटक में सेवाभाव से काम कर रही हैं। पीएम मोदी ने राज्यपाल को शुभकामनाएं दीं।

पीएम मोदी ने बेंगलुरु के मेट्रो नेटवर्क का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में शहर का मेट्रो नेटवर्क सिर्फ 14 किलोमीटर था, जो आज 100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर और मुंबई के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा अर्बन सेंटर बन गया है, जिसने मेट्रो नेटवर्क में 100 किलोमीटर का आंकड़ा पार किया है। प्रधानमंत्री ने इसे ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ट्रैवल की नई सोच का परिणाम बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में कर्नाटक को राज्य की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी और अब गोवा से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन भी मिली है। इससे तटीय मार्ग के यात्रियों को सेमी हाईस्पीड यात्रा का अनुभव मिलेगा।

ऊर्जा सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान और खाड़ी देशों के आसपास के तनाव ने ऊर्जा सुरक्षा की जरूरत को रेखांकित किया है। उन्होंने बताया कि बीते दशक में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का उत्पादन बढ़ाने, कच्चे तेल के भंडारण, सोलर, हाइड्रो और विंड एनर्जी के विस्तार तथा रेलवे के लगभग शत-प्रतिशत विद्युतीकरण जैसे कदमों ने भारत को संकट का सामना करने में मदद की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता अब 300 गीगावाट को पार कर गई है। उन्होंने कहा कि नागरिक अब सिर्फ बिजली के उपभोक्ता नहीं, बल्कि उत्पादक भी बन रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़े, उनकी क्रय क्षमता मजबूत हो और वे अपने परिवार के सपनों के साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी भागीदार बनें।

प्रधानमंत्री ने सभी को नई परियोजनाओं की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये परियोजनाएं विकसित कर्नाटक और विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *