जयराम रमेश ने किया बड़ा दावा, कहा- ‘एक दिन कांग्रेस अपनी ताकत से झारखंड में…’

KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल और पंजाब में विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन को लेकर अभी तक बात नहीं बन सकी है| वहीं इस विपक्षी गठबंधन को बिहार में नीतीश कुमार के निकलने से बड़ा झटका लगा है| साथ ही यूपी में भी फिलहाल गठबंधन को लेकर बातचीत अभी जारी है| इस बीच झारखंड के बोकारो में कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक बड़ा दावा किया है|

जयराम रमेश ने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 के लिए ही बनाया गया है, जिसमें कुछ दिन पहले तक 28 पार्टियां थीं और अब एक पार्टी (जेडीयू) पलटी मारकर वापस एनडीए में चली गई है| अब इंडिया गठबंधन में 27 पार्टियां हैं| झारखंड विधानसभा में भी हम गठबंधन की सरकार में हैं लेकिन एक दिन कांग्रेस अपनी ताकत से झारखंड में स्वतंत्र सरकार बनाएगी|

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि आज भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 22वां दिन है| सांसद राहुल गांधी धनबाद से बोकारो आ पहुंचे हैं| राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा और अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी कह रहे हैं कि बीजेपी-आरएसएस तोड़ती है और कांग्रेस जोड़ती है| मैं कहता हूं, बीजेपी बेचती है और कांग्रेस बचाती है|

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि मोदी सरकार के समय में सभी सार्वजनिक कारखानों पर खतरा है| हमारे देश में पब्लिक सेक्टर बोकारो जैसे कारखाने न केवल आर्थिक महत्व रखते हैं, बल्कि इनका सामाजिक महत्व भी होता है, जो लोग कांग्रेस से उनके 70 साल का हिसाब पूछते हैं, उन्हें बोकारो आना चाहिए|

About Post Author