Knews Desk- मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में रविवार को आवारा कुत्तों के आतंक ने लोगों को दहशत में डाल दिया। शहर के अलग-अलग इलाकों में एक आक्रामक कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया, जिसके चलते एक ही दिन में करीब 60 लोग डॉग बाइट का शिकार हो गए। घायलों में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और दुकानदार तक शामिल हैं। घटना के बाद पूरे शहर में डर का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरतने लगे।
कुत्ते ने शहर के कम से कम तीन अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को निशाना बनाया। कई बच्चे अपने घरों के बाहर खेल रहे थे, जबकि कुछ लोग बाजार और सड़कों पर अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान कुत्ता अचानक लोगों पर टूट पड़ा और एक के बाद एक कई लोगों को काट लिया। स्थानीय निवासी रज्जाक ने बताया कि वह अपनी दुकान पर पंचर बनाने का काम कर रहे थे, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। वहीं ओमवीर सिंह नामक पीड़ित ने कहा कि कुत्ता बेहद आक्रामक था और लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से ट्रॉमा सेंटर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सामान्य दिनों में डॉग बाइट के 10 से 15 मामले आते हैं, लेकिन रविवार को यह संख्या बढ़कर लगभग 60 तक पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। घटना के बाद नगर प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग की टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आक्रामक कुत्ते की तलाश की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।