‘अगर आप अन्याय से लड़ रहे हैं, अपनी कहानी भेजिए……’ राहुल गांधी ने शुरू किया ‘सत्याग्रह’ अभियान

KNEWS DESK- कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों की आवाज को एक मंच पर लाने के लिए ‘सत्याग्रह’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए देशभर के लोगों से अपने साथ हुए अन्याय और अपने संघर्ष की कहानी साझा करने की अपील की है।

राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और कई बार उन्हें अकेले संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने Gen Z, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं सहित अलग-अलग वर्गों के संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि हर संघर्ष की अपनी कहानी है, लेकिन अकेली उठने वाली आवाज अक्सर दब जाती है।

उनके मुताबिक, ‘सत्याग्रह’ पहल का उद्देश्य इन आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाना है। अभियान के तहत लोग अपनी कहानी साझा कर सकते हैं और यह देख सकते हैं कि देश में उनकी तरह और कौन लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहुल गांधी ने अपने संदेश में महात्मा गांधी के सत्याग्रह के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि सच सबसे बड़ा हथियार है और उससे भी बड़ा हथियार एकता के साथ सच के पक्ष में खड़ा होना है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी साझा करें। राहुल गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में वह संसद, सड़क, पत्र या जहां भी जरूरत होगी, वहां लोगों के साथ खड़े होने की जिम्मेदारी निभाएंगे। ‘सत्याग्रह’ अभियान के जरिए राहुल गांधी ने नागरिकों को अपनी समस्याएं और संघर्ष सीधे साझा करने का एक डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *