दिल्ली से रांची पहुंचे हेमंत सोरेन, झारखंड सीएम ने विधायकों के साथ की बैठक

KNEWS DESK- कुछ घंटे तक गायब रहने के बाद झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन मंगलवार को रांची में अपने आधिकारिक आवास पहुंचे| यहां उन्होंने जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के विधायकों के साथ बैठक की| सोरेन के पहुंचने पर कई नेताओं ने उन्हें गले लगाया, वहीं कुछ नेताओं ने उनके पैर भी छुए|

इससे पहले सूत्रों ने बताया कि सोरेन सड़क के रास्ते दिल्ली से रांची के लिए निकले थे| इस दौरान उनके साथ जो भी लोग थे उन सभी के फोन बंद थे| मुख्यमंत्री से जब सवाल किया गया कि आप कहां थे तो उन्होंने कहा कि हम आपके दिल में थे| उन्होंने कहा, क्या दिक्कत है| किसी को तकलीफ है| क्या सवाल है, इसका क्या मतलब है?

दरअसल, जमीन घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय हेमंत सोरेन से पूछताछ करना चाहती है| ईडी की टीम सोमवार को दिल्ली स्थित सीएम के आवास पर पहुंची लेकिन वहां उनका कुछ पता नहीं चला| अब ऐसे में आज दोपहर में सीएम हेमंत सोरेन रांची स्थित अपने आवास पर पहुंचे| झारखंड में सियासी हलचल तेज होता देख रांची में तीन जगहों पर धारा 144 लगा दी गई है| मुख्यमंत्री आवास, ईडी ऑफिस और राजभवन के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दिया गया है|

ईडी ने पिछले सप्ताह सोरेन को नया समन जारी किया था और उनसे पूछा था- वह 29 जनवरी या 31 जनवरी के बीच कब उपलब्ध रह सकते हैं| सूत्रों ने कहा कि सोरेन ने ईडी को मेसेज भेजा था लेकिन पूछताछ के लिए तारीख और समय नहीं बताया था| वहीं 27 जनवरी को सीएम सोरेन रांची से दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे| इसके बाद 27 जनवरी की दोपहर से मुख्यमंत्री सामने नहीं आए|

एजेंसी ने 20 जनवरी को मामले में पहली बार सीएम सोरेन का बयान दर्ज किया था| ईडी के अधिकारियों ने लगभग सात घंटों के दौरान धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत बयान दर्ज किया था| माना जाता है कि उस दिन पूछताछ खत्म नहीं हुई थी, इसलिए नया समन जारी किया गया है| एजेंसी के मुताबिक यह जमीन घोटाले से जुड़ा मामला है| इस जमीन का मालिकाना हक माफिया के पास है| ईडी ने अब तक इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 2011 बैच की आईएएस अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं|

About Post Author