एडमिशन नहीं मिला तो हैक कर दी IIT की वेबसाइट, FIR की तैयारी थी… अब मिला दूसरा मौका

KNEWS DESK- IIT कानपुर और IIT मद्रास के बैचलर ऑफ साइबर सिक्योरिटी प्रोग्राम में एडमिशन नहीं मिलने पर एक अभ्यर्थी ने दोनों संस्थानों की वेबसाइट हैक कर दी। वेबसाइट पर उसने संदेश छोड़ा, “Site is hacked. All I need is just a fair chance.” घटना के बाद संस्थानों ने पुलिस में FIR दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन बाद में अभ्यर्थी को अपनी प्रतिभा साबित करने का एक और मौका देने का फैसला लिया गया। दरअसल, IIT कानपुर और IIT मद्रास ने इस वर्ष पहली बार बैचलर ऑफ साइबर सिक्योरिटी प्रोग्राम शुरू किया है। इस कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन, दस्तावेजों की जांच और चयन प्रक्रिया के तहत हैकाथॉन आयोजित किया जाना था। इसी प्रक्रिया में कई उम्मीदवारों का चयन हुआ, जबकि कुछ को विभिन्न कारणों से बाहर कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, संबंधित अभ्यर्थी ने आवेदन शुल्क जमा करने के साथ सभी जरूरी दस्तावेज भी अपलोड किए थे, लेकिन उसे हैकाथॉन के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया गया। इसके बाद उसने अपनी तकनीकी क्षमता दिखाने के लिए IIT कानपुर और IIT मद्रास की वेबसाइट हैक कर दी। वेबसाइट हैक होने के बाद दोनों संस्थानों में हड़कंप मच गया और पुलिस कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई। हालांकि, मामले की समीक्षा के दौरान IIT कानपुर के निदेशक प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल ने अभ्यर्थी की तकनीकी क्षमता को देखते हुए अलग रुख अपनाया। उन्होंने माना कि जिस कोर्स का संबंध साइबर सिक्योरिटी से है, उसमें प्रतिभा की सही तरीके से परख होना भी जरूरी है।

इसके बाद संस्थान ने अभ्यर्थी को एक और अवसर देने का निर्णय लिया। अब उसे अपनी तकनीकी योग्यता साबित करने का मौका मिलेगा। यदि वह निर्धारित मूल्यांकन में सफल रहता है, तो उसे कोर्स में प्रवेश दिया जा सकता है। IIT कानपुर के निदेशक के अनुसार, अभ्यर्थी को पहले इसलिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया गया था क्योंकि उसके पास साइबर सिक्योरिटी का आवश्यक अनुभव नहीं था। संस्थान की चयन प्रक्रिया में अनुभव एक महत्वपूर्ण मानदंड था। हालांकि, वेबसाइट हैक करने की घटना के बाद उसकी तकनीकी क्षमता सामने आने पर संस्थान ने उसे दोबारा मौका देने का फैसला किया है।

गौरतलब है कि इससे पहले CBSE की वेबसाइट हैक कर चर्चा में आए निसर्ग अधिकारी को भी IIT कानपुर ने अवसर दिया था। अब इस नए मामले ने एक बार फिर साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में प्रतिभा की पहचान और चयन प्रक्रिया को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *