ग्रेटर नोएडा वेस्ट: 12वीं मंजिल से गिरकर प्राइवेट कंपनी कर्मी की मौत, तनाव और कर्ज के एंगल से जांच

Knews Desk– ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस डिवाइनो सोसाइटी में शुक्रवार सुबह 12वीं मंजिल से गिरकर 35 वर्षीय अनिल कुमार की मौत हो गई। वह नोएडा के सेक्टर-121 में पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ऐस डिवाइनो सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 12वीं मंजिल से गिरकर 35 वर्षीय अनिल कुमार की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अनिल पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थे।

पुलिस के मुताबिक, अनिल कुमार एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे और अपने परिवार के साथ नोएडा के सेक्टर-121 में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है। बताया जा रहा है कि अनिल की मानसिक स्थिति को देखते हुए उनके रिश्तेदार उन्हें अपने पास ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस डिवाइनो सोसाइटी लेकर आए थे। परिजनों को उम्मीद थी कि माहौल बदलने से उनकी स्थिति में सुधार होगा।

शुक्रवार सुबह अनिल के रिश्तेदार सोसाइटी के नीचे टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान अनिल संदिग्ध परिस्थितियों में 12वीं मंजिल से नीचे गिर गए। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सुरक्षा गार्ड्स ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अनिल को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अनिल किन परिस्थितियों में मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। जांच में वित्तीय कर्ज, पारिवारिक जिम्मेदारियों और नौकरी से जुड़े तनाव समेत विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है। इसके लिए परिजनों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *