KNEWS DESK- हरदोई में बुधवार को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करते हुए इसे उत्तर प्रदेश के विकास की “नई लाइफलाइन” बताया। मेरठ से प्रयागराज तक फैला 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश को तेज और आधुनिक कनेक्टिविटी से जोड़ने वाला एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है।
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने मां गंगा का स्मरण करते हुए कहा कि यह एक्सप्रेसवे राज्य के आर्थिक विकास को नई गति देगा। सीएम योगी ने बताया कि 2021 में शुरू हुई यह परियोजना अब प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जैसे मां गंगा सदियों से देश की जीवनरेखा रही हैं, वैसे ही यह एक्सप्रेसवे आधुनिक दौर में उत्तर प्रदेश की प्रगति का प्रमुख आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि अब मेरठ से प्रयागराज तक की यात्रा पहले की तुलना में काफी कम समय में पूरी की जा सकेगी, जिससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पीएम मोदी ने इस दौरान अपने हालिया दौरों का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से मां गंगा के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है। उन्होंने काशी और अन्य स्थानों के अनुभव साझा करते हुए इसे एक आध्यात्मिक और विकासात्मक यात्रा बताया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में जारी चुनाव का भी उल्लेख किया और कहा कि वहां भारी संख्या में लोग मतदान कर रहे हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है। उन्होंने कहा कि जनता का सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और सशक्त बनाती है।
गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह परियोजना न केवल यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि राज्य के कई जिलों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी, जिससे समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।