उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में 2017 के बाद आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश, इनोवेशन और इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रदेश की बदलती आर्थिक तस्वीर और औद्योगिक विकास की दिशा को साझा किया। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए न तो स्पष्ट दृष्टि थी और न ही कोई ठोस कार्ययोजना।
Knews Desk – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास की नई कार्य-संस्कृति विकसित की है। उन्होंने कहा कि रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ उत्तर प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण प्रदेश की पहचान तेजी से बदल रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बढ़ते वैश्विक विश्वास को नई ऊंचाई देने के लिए सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक होगी। इसमें प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं, पहले से चल रही परियोजनाओं को गति देने और निवेश को धरातल पर उतारकर उत्पादन शुरू कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेश को रोजगार और आर्थिक खुशहाली से जोड़ने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हर निवेश से नया उद्योग, हर उद्योग से नया रोजगार और हर रोजगार से परिवारों में खुशहाली लाने का लक्ष्य है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का जोर निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ औद्योगिक परियोजनाओं को जमीन पर उतारने, उत्पादन बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर है।