BJP की नई टीम की पहली बड़ी बैठक, युवाओं और कार्यकर्ताओं पर फोकस

Knews Desk– दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में मंगलवार को पार्टी के राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की बैठक हुई। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में हुई यह बैठक करीब चार घंटे चली। बैठक में प्रभारियों और सह-प्रभारियों को अपने-अपने राज्यों में जाकर सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से संवाद करने के निर्देश दिए गए।

सूत्रों के मुताबिक, संगठन और सरकार के बीच किसी भी स्तर पर मतभेद होने की स्थिति में उसे दूर करने पर भी जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रभार वाले राज्यों का लगातार दौरा करने और पार्टी हित में काम करने का निर्देश दिया गया। बैठक में विकसित भारत संकल्प, महिला मोर्चा और समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ लगातार संपर्क बढ़ाने की बात कही गई। चुनावी राज्यों में भी पदाधिकारियों को लगातार दौरा करने के निर्देश दिए गए।

प्रभारियों और सह-प्रभारियों को बूथ स्तर तक बैठकें करने के लिए कहा गया है। साथ ही युवाओं से संवाद बढ़ाने के लिए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पार्टी कार्यक्रम आयोजित करने और उनकी रिपोर्ट का फीडबैक नेतृत्व को देने के निर्देश दिए गए।

हाल ही में बीजेपी ने सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा की थी। इसके बाद यह उनकी पहली बैठक थी। विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। सतीश पूनिया को पंजाब, राम माधव को उत्तराखंड और तमिलनाडु, स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ तथा सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना का प्रभार दिया गया है। विनय सहस्रबुद्धे दिल्ली के प्रभारी बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *