Knews Desk- अमेरिका के मिशिगन में गुरुवार को टेक्सास एयर नेशनल गार्ड का F-16 फाइटिंग फाल्कन फाइटर जेट प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा ट्रावर्स सिटी के पास हुआ। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार पायलट ने समय रहते सफलतापूर्वक इजेक्ट कर लिया।
विमान टेक्सास एयर नेशनल गार्ड की 149वीं फाइटर विंग से जुड़ा बताया जा रहा है। यूनिट ने फेसबुक पर जारी बयान में कहा कि F-16 नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान ट्रावर्स सिटी के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हुआ। पायलट ने सुरक्षित तरीके से विमान से इजेक्ट किया। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। ग्रैंड ट्रावर्स काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट ने विमान दुर्घटना को देखते हुए संबंधित क्षेत्र के लिए निकासी आदेश जारी किया है। अधिकारियों की ओर से लोगों को प्रभावित इलाके से दूर रहने की सलाह दी गई है।
घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियों और सैन्य अधिकारियों की ओर से दुर्घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रशिक्षण मिशन के दौरान विमान में किस वजह से तकनीकी या अन्य समस्या आई। अमेरिकी सीनेटर गैरी पीटर्स ने भी घटना की जानकारी होने की बात कही है। उन्होंने स्थिति पर नजर रखने की जानकारी दी। अधिकारियों की ओर से फिलहाल पायलट की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य विवरणों को लेकर जांच जारी है।