एकनाथ शिंदे कैबिनेट ने लिया बड़ा फैसला- वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम सावरकर के नाम पर रखने के प्रस्ताव को दी मंजूरी

KNEWS DESK... महाराष्ट्र सरकार ने वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम बदलकर हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर के नाम पर और मुम्बई ट्रांस हार्बर लिंक का नाम पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सीएम एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में यह निर्णय लिया गया है। कैबिनेट ने बनने जा रहे वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम सावरकर के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी और MTHL का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शिवडी न्हावा शेवा अटल सेतु करने का भी फैसला किया गया।

दरअसल आपको बता दें कि सीएम एकनाथ शिंदे मे पिछले महीने ही कहा था कि वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम सावरकर के नाम पर रखा जाएगा। इस सी लिंक का 17 किलोमीटर तक विस्तार किया जाएगा, जो अंधेरी को बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जोड़ेगा। यह तटीय रोड का हिस्सा है। MTHL मुंबई को नई मुंबई से जोड़ेगा। इस काम को इस साल दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। जानकारी के लिए बता दें कि वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक मुंबई में एक निर्माणाधीन पुल है। इसकी लंबाई 17.17 किलोमीटर है। यह पुल कोस्टल रोड के हिस्से के रूप में अंधेरी के उपनगर वर्सोवा को बांद्रा में बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जोड़ेगा। यह  8 लेन का सी-लिंक है जो वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और मुंबई उपनगरीय रेलवे की पश्चिमी लाइन पर ट्रैफिक को कम करेगा। फिलहाल अभी वर्सोवा से बांद्रा की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे से अधिक समय लगता है। इस सी लिंक के बाद वर्सोवा से सिर्फ 30 मिनट में बांद्रा पहुंचा जा सकेगा। बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 11 हजार 332 करोड़ है।

About Post Author