दिल्ली यूनिवर्सिटी का कैंपस ऑफ लर्निंग (COL) AI इन फिल्म मेकिंग नाम से 6 महीने का नया स्किल कोर्स शुरू करने जा रहा है। 12वीं पास से लेकर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कैंडिडेट्स तक इसके लिए आवेदन कर सकेंगे।
Knews Desk- फिल्म मेकिंग में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी एक नया अवसर लेकर आ रही है। डीयू का कैंपस ऑफ लर्निंग (COL) जनवरी 2027 से AI इन फिल्म मेकिंग नाम से 6 महीने का स्किल कोर्स शुरू करने जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से फिल्म मेकिंग की जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है।
इस कोर्स के लिए 12वीं पास कैंडिडेट्स आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवार भी इसमें दाखिला ले सकेंगे। डीयू के कैंपस ऑफ लर्निंग ने कोर्स शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 6 महीने के इस कोर्स को AI के जरिए फिल्म मेकिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए तैयार किया गया है। इसमें छात्रों को AI की मदद से शॉर्ट फिल्म, वीडियो और अन्य विजुअल कंटेंट तैयार करने के बारे में सिखाया जाएगा। कोर्स में केवल AI फिल्म मेकिंग टूल्स की जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि छात्रों को स्टूडियो में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा।
डीयू के कैंपस ऑफ लर्निंग के पास अपना स्टूडियो भी है, जहां छात्रों को फिल्म मेकिंग का अनुभव दिया जाएगा। इससे छात्र AI आधारित कंटेंट तैयार करने के साथ-साथ फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को व्यावहारिक तौर पर समझ सकेंगे।
डीयू इस स्किल कोर्स को रोजगार और कमाई से जोड़कर भी देख रहा है। भारत सरकार की ओर से ऑरेंज इकोनॉमी को बढ़ावा दिए जाने के बीच इस तरह के स्किल्स की मांग बढ़ रही है। कोर्स पूरा करने के बाद उम्मीदवार शॉर्ट फिल्म, विज्ञापन, सोशल मीडिया वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट तैयार कर कमाई के अवसर तलाश सकेंगे।