सूडान और दक्षिण सूडान के बीच विवादित सीमा क्षेत्र अबेई के एक बाजार पर हुए ड्रोन हमले में कम से कम 153 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। हमले के बाद बाजार में आग फैल गई और कई लोग घायल हो गए। इस घटना ने सूडान में जारी गृहयुद्ध के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Knews Desk– अफ्रीकी क्षेत्र में सूडान और दक्षिण सूडान के बीच विवादित इलाके अबेई के एमिएट बाजार में एक पेट्रोल पंप के पास ड्रोन से हमला किया गया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, धमाका इतना जोरदार था कि बाजार में आग फैल गई और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में कम से कम 153 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
स्थानीय प्रशासन ने इस हमले के लिए सूडान की सेना को जिम्मेदार ठहराया है। अबेई में सूचना मामलों के कार्यवाहक मंत्री योहाना अकोल नगोर ने मंगलवार को आरोप लगाया कि हमले के पीछे सूडानी सेना का हाथ है, हालांकि उन्होंने अपने आरोप के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।
दक्षिण सूडान के विदेश मंत्रालय ने भी सूडान की सेना पर आरोप लगाया। मंत्रालय के मुताबिक, हमले में बाजार के कई हिस्सों को निशाना बनाया गया, जिससे आम नागरिकों की जान गई और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।
सूडान में अप्रैल 2023 से सेना और अर्धसैनिक संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के बीच संघर्ष जारी है। यह लड़ाई अब गृहयुद्ध का रूप ले चुकी है। हाल के महीनों में ड्रोन हमलों में बढ़ोतरी से आम नागरिकों के लिए खतरा और गंभीर हो गया है। पिछले साल अल-फाशर में एक मस्जिद पर ड्रोन हमले में 43 लोगों की मौत हुई थी।
इस बीच, पूर्वी माली के मेनाका क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट (IS) से जुड़े समूह के हमले में 48 लोगों की मौत हो गई। एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, मृतकों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।