नेपाल में जलप्रलय से तबाही, 105 भारतीय पर्यटक लापता; 8 की मौत

Knews Desk: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। नेपाल पर्यटक बोर्ड के मुताबिक बाढ़ के बाद 105 भारतीय पर्यटक लापता हैं। इनमें 31 तीर्थयात्री भी शामिल हैं, जो मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल पहुंचे थे। बोर्ड के अनुसार बाढ़ के कारण करीब 400 पर्यटक लापता हुए हैं, जिनमें 291 विदेशी और 90 से अधिक नेपाली नागरिक हैं।

लापता भारतीय पर्यटकों में 59 लोग स्मार्ट ट्रेवेल्स और 46 पर्यटक लीफ हॉलिडे के जरिए यात्रा कर रहे थे। नेपाल सरकार ने प्रभावित पर्यटकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए 1144 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

नेपाल में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

बाढ़ के बाद नेपाल में बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। नेपाली सेना ने अब तक 12 लोगों को हेलिकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाला है। इनमें स्याफ्रुबेसी से 6, मैलुंग से 2 और धुन्चे से 4 लोगों को रेस्क्यू किया गया। अभियान में नेपाली सेना के 4 और निजी क्षेत्र के 8 हेलिकॉप्टर लगाए गए हैं। सेना के 35 जवानों को भी राहत कार्य के लिए तैनात किया गया है। बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 7 शव बरामद किए जा चुके हैं। रसुवा के तिमुरे स्थित कस्टम ऑफिस के 14 कर्मचारी भी अभी संपर्क से बाहर हैं। इनमें 11 स्थायी और 3 संविदा कर्मचारी शामिल हैं।

इसके अलावा 20 मेगावाट की लांगटांग खोला जलविद्युत परियोजना से जुड़े करीब 60 लोगों के भी लापता होने की खबर है। नेपाल सरकार ने तीन जिलों को बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित घोषित किया है और कैबिनेट स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की जा रही है।

60 से ज्यादा घर और सैकड़ों वाहन बहे

तिब्बत की ओर से भोटेकोशी नदी के रास्ते नेपाल में आए तेज जलसैलाब ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। नुवाकोट के त्रिशूली बाजार के पास करीब 60 घर बह गए हैं। दो मोटर योग्य पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। देवघाट इलाके में भी बाढ़ का व्यापक असर देखने को मिला है।

बाढ़ के पानी में 300 से ज्यादा वाहनों के बहने का अनुमान है। त्रिशूली और देवघाट जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं 25 मेगावाट के एक सोलर पावर प्लांट के तीन ब्लॉक और एक सब-स्टेशन भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। नेपाल में जारी इस प्राकृतिक आपदा के बीच भारतीय पर्यटकों की तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित निकालने में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *