KNEWS DESK – दिल्ली में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का समय बदल दिया गया है। अब यह कार्यक्रम 20 फरवरी को सुबह 11 बजे आयोजित होगा। इससे पहले, शपथ ग्रहण शाम 4:30 बजे तय किया गया था। सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और अन्य राजनीतिक घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
बीजेपी विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को
मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है। बीजेपी विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को शाम 3:30 बजे होगी, जिसमें मुख्यमंत्री पद के लिए अंतिम नाम तय किया जाएगा। आठ फरवरी को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद अब तक पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, जिससे विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं।
AAP ने कसा तंज
आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी पर तंज कसते हुए इसे पार्टी की आंतरिक कलह का नतीजा बताया। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा, यह पहली बार हो रहा है कि बारात तैयार है, मंडप भी सजा है, लेकिन दूल्हा कौन होगा, यह बीजेपी अभी तक तय नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जनता से किए वादों को भूलकर अंदरूनी खींचतान में उलझी हुई है।
रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह
दिल्ली में 26 साल बाद सत्ता में वापसी करने वाली बीजेपी का शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे बीजेपी नेता विनोद तावड़े और तरुण चुग ने रामलीला मैदान का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री पद की रेस में कौन-कौन?
बीजेपी के पास 70 में से 48 सीटें हैं, जिससे उसका मुख्यमंत्री बनाना तय है। लेकिन अब तक मुख्यमंत्री पद के लिए किसी एक नाम की घोषणा नहीं की गई है। कुछ प्रमुख नाम जो इस रेस में आगे बताए जा रहे हैं:
- प्रवेश वर्मा – जिन्होंने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया।
- विजेंद्र गुप्ता – दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता।
- सतीश उपाध्याय – दिल्ली नगर निगम (MCD) के पूर्व मेयर और संगठन में प्रभावशाली नेता।
- पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता, शिखा राय – ये सभी वरिष्ठ नेता भी मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित चेहरे हो सकते हैं।
- रवींद्र इंद्राज सिंह (बवाना सीट) और कैलाश गंगवाल (मादीपुर सीट) – अनुसूचित जाति (SC) सीटों से जीतने वाले ये विधायक भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल हैं।