धीरेंद्र शास्त्री के बागेश्वर धाम में हुई महिला की मौत, अपनी अर्ज़ी लगवाने आयी थी

मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित पंडित धीरेंद्र शास्त्री के बागेश्वर धाम में एक महिला की मौत हो गई है। महिला बुधवार को अपनी अर्जी लगाने के लिए वहाँ पहुंची थी और वह पंडाल की लाइन में खड़ी थी। इस दौरान अचानक महिला गिर जाती है और वहीं पर उसकी मौत हो जाती है|

बताया जा रहा है कि मृतक महिला उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की रहने वाली है। मृतक महिला का नाम नीलम बताया जा रहा है। महिला अपने पति देवेंद्र सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के महाराजपुर से आई थी। महिला काफी लंबे समय से बीमार थी और उसे किडनी की समस्या थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार “महिला ने काफी इलाज कराया मगर उसको अपनी बीमारी से कोई भी निजात नहीं मिला। जिसके बाद उसने पहले से चर्चा में मौजूद बागेश्वर धाम आने का फैसला किया।”

मृतक महिला के पति देवेंद्र सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “पिछले 7 दिनों से हम परिक्रमा कर रहे थे।” उन्होंने कहा, “सब कुछ अच्छे से चल रहा था। खाना पीना भी खा रहे थे। बुधवार को भी हमने परिक्रमा किया था। दरबार लगने वाला था और मैं पत्नी के साथ दरबार में पहुंचा था। सुबह तक सब कुछ ठीक था। जैसे ही मैं परिक्रमा लगाकर पंडाल के अंदर गया, तभी मुझे पत्नी की तबीयत थोड़ी खराब लगी। वह लाइन में खड़ी थी और अचानक गिर कर उसकी मृत्यु हो गई।”

आपको बता दें कि पिछले कुछ महीनों से बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री सुर्खियों में छाए हुए हैं। धीरेंद्र शास्त्री दावा करते हैं कि उनके धाम में आने के बाद जिनकी अर्जी स्वीकार की जाती है, वह एक पर्ची पर लिखकर बता देते हैं कि संबंधित व्यक्ति को क्या हुआ है? और उसे उससे कैसे निजात मिलेगा। धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं कि वे चमत्कार नहीं करते बल्कि भगवान से जो आदेश मिलता है, उसी को वह पर्ची पर लिखते हैं। सोशल मीडिया पर भी बागेश्वर धाम को लेकर कई तरह की चर्चा की जाती है। कुछ बागेश्वर धाम के समर्थन में लिखते हैं, तो कुछ उनके विरोध में।

About Post Author