दिल्ली में CJP प्रदर्शन का असर: 57 मेट्रो स्टेशन बंद, 75 ट्रेनें रद्द, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

Knews Desk– नई दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ होने वाले इस प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई स्तरों पर सुरक्षा इंतजाम किए हैं। राजधानी में आम लोगों की आवाजाही पर भी इसका असर पड़ रहा है। मेट्रो, रेलवे और सड़क यातायात को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद किए हैं। प्रभावित स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, ITO, दिल्ली गेट, खान मार्केट, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम, दिल्ली हाट-INA, हौज खास और कश्मीरी गेट सहित कई स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा करोल बाग, विश्वविद्यालय, आजादपुर, जहांगीरपुरी, सीलमपुर, शाहदरा और रिठाला जैसे स्टेशनों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ये गेट 10 अक्टूबर शाम 6 बजे तक बंद रहने वाले हैं।रेलवे सेवाओं पर भी सुरक्षा व्यवस्था का असर पड़ा है। उत्तर रेलवे के मुताबिक, करीब 75 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं। इनमें दिल्ली पहुंचने वाली लगभग 40 और दिल्ली से रवाना होने वाली करीब 35 ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने बताया कि आने वाली ट्रेनों के रैक उपलब्ध नहीं होने के कारण इन सेवाओं को रद्द करना पड़ा है।

मुंबई से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस को पांच घंटे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। वहीं, बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन दुरंतो एक्सप्रेस सहित कुछ अन्य ट्रेनें रद्द की गई हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे ने भी 13 ट्रेन सेवाएं रद्द करने की जानकारी दी है। यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।सड़क यातायात को सुचारु रखने और प्रदर्शन के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। शंकर रोड गोल चक्कर, झंडेवालान, पंचकुइयां गोल चक्कर, मंडी हाउस, मिंटो रोड, धौला कुआं फ्लाईओवर, लोधी रोड फ्लाईओवर और कनॉट प्लेस के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर भी कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की निगरानी IPS स्तर के अधिकारी करेंगे। संवेदनशील स्थानों पर 300 से अधिक ऑडियो-वीडियो CCTV कैमरे लगाए गए हैं। संसद मार्ग थाने के बाहर लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू होने की जानकारी दी जा रही है। पुलिसकर्मियों को संयम बरतने और पेशेवर तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रदर्शन को देखते हुए कई स्कूलों और कॉलेजों ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। कुछ संस्थानों ने ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की हैं, जबकि कुछ ने शनिवार की परीक्षाएं और अन्य गतिविधियां रद्द कर दी हैं। ऐसे में दिल्ली में यात्रा करने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले मेट्रो, ट्रेन और ट्रैफिक से जुड़ी ताजा जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *