डिजिटल डेस्क- जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रामनगर क्षेत्र के कघोट (कानोटे) गांव के पास एक सार्वजनिक परिवहन बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। यह बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस पलटते हुए खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि 15 से 20 यात्रियों के हताहत होने की खबर सामने आ रही है। कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक मृतकों और घायलों के आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
ग्रामीणों की मदद से बचावकर्मियों ने लोगों को बचाया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। बचावकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राहत कार्य लगातार जारी है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एयरलिफ्ट करने की भी तैयारी की जा रही है। इस हादसे को लेकर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए थे।
केंद्र सरकार ने दिया हरसंभव मदद करने का आश्वासन
उन्होंने आश्वासन दिया कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अंदाजा है कि बस के अनियंत्रित होने के पीछे तकनीकी खराबी या सड़क की स्थिति जिम्मेदार हो सकती है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस बीच, इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन लोगों से संयम बनाए रखने की अपील कर रहा है।