अमरनाथ यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं की बस हिमाचल में पलटी, 17 घायल, 4 की हालत गंभीर

KNEWS DESK – हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस हादसे का शिकार हो गई। रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर डमटाल थाना क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में 17 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि चार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, टांडा रेफर किया गया है। हादसे के समय बस में कुल 57 यात्री सवार थे।

कटड़ा से देहरादून जा रही थी बस

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी हॉलीडेज की यह टूरिस्ट बस जम्मू-कश्मीर के कटड़ा से उत्तराखंड के देहरादून जा रही थी। डमटाल इलाके में पहुंचने के दौरान अचानक चालक का बस से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद वाहन सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के पहुंचने से पहले ही कई यात्रियों को बस से बाहर निकाला और घायलों की मदद की।

अर्नी यूनिवर्सिटी के चांसलर ने की मदद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त उसी रास्ते से गुजर रहे अर्नी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. विवेक सिंह ने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।

उनके निर्देश पर विश्वविद्यालय की एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

चालक और परिचालक मौके से फरार

हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ। इसके लिए बस की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

डमटाल थाना पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *