2027 चुनाव की तैयारी में BSP, मायावती ने आकाश आनंद को सौंपी चुनावी कमान

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने तेजी ला दी है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को चुनावी अभियान की जिम्मेदारी सौंपी है। आकाश आनंद 10 अगस्त को हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा से अभियान की शुरुआत करेंगे, जहां वे विधानसभा प्रभारी की घोषणा करने के साथ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।

पार्टी की रणनीति के तहत प्रदेशभर में विधानसभा स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसके बाद आकाश आनंद अलग-अलग जिलों में जनसभाएं और संगठनात्मक बैठकें कर पार्टी के चुनावी अभियान को गति देंगे। सूत्रों के अनुसार, सादाबाद से विधानसभा प्रभारी के रूप में अविन शर्मा के नाम की घोषणा की जा सकती है, जबकि 25 अगस्त को जेवर में भी उनकी बड़ी जनसभा प्रस्तावित है।

BSP नेतृत्व का मानना है कि 2007 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद पार्टी का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले संगठन को फिर से मजबूत करने और पारंपरिक वोट बैंक को एकजुट करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से आकाश आनंद को चुनावी अभियान का प्रमुख चेहरा बनाया गया है।

सादाबाद विधानसभा सीट राजनीतिक रूप से अहम मानी जाती है, जहां जाट, ब्राह्मण और मुस्लिम मतदाता चुनावी नतीजों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पिछले तीन विधानसभा चुनावों में यहां तीन अलग-अलग दलों ने जीत दर्ज की है। BSP को उम्मीद है कि आकाश आनंद के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह अभियान पार्टी में नई ऊर्जा भरने के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव में उसकी स्थिति मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *