KNEWS DESK- भारत में आयोजित BRICS समिट के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि अगर दिसंबर में मियामी में होने वाली G20 समिट के दौरान मुलाकात का मौका मिलता है, तो वह पुतिन से मिलने के लिए तैयार हैं।
जेलेंस्की का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस पहल के बाद आया है, जिसमें उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध को बातचीत और कूटनीति के जरिए खत्म करने पर जोर दिया था। पीएम मोदी ने पुतिन से मुलाकात के दौरान शांति के लिए संवाद को जरूरी बताया था।
जेलेंस्की बोले- मिलना होगा और फैसले लेने होंगे
ब्रॉडकास्टर डॉयचे वेले को दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की से पूछा गया कि यदि उन्हें और पुतिन को दिसंबर में होने वाली G20 बैठक में आमंत्रित किया जाता है, तो क्या वह रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इस पर जेलेंस्की ने कहा, “हां, बिल्कुल। हमें आना होगा। हमें मिलना होगा, बात करनी होगी और फैसले लेने होंगे।”
उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत जरूरी है।
अमेरिका की मध्यस्थता से बढ़ी उम्मीद
रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका की ओर से भी प्रयास तेज किए गए हैं। अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर हाल ही में मॉस्को और कीव पहुंचे थे। जेलेंस्की ने उनके दौरे को सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि अमेरिकी प्रतिनिधि रूस के साथ-साथ यूक्रेन भी पहुंचे।
G20 में रूस की भागीदारी पर नजर
इस वर्ष G20 की अध्यक्षता अमेरिका के पास है। समूह में 19 देश, यूरोपीय संघ और अफ्रीकी संघ शामिल हैं। सितंबर की शुरुआत में रूस के वित्त मंत्री एंटोन सिलुआनोव का नॉर्थ कैरोलिना में आयोजित G20 बैठक में स्वागत किया गया था। इससे यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगियों में चिंता बढ़ी।
वहीं, रूस के एक राजनयिक ने कहा है कि मॉस्को अगले सप्ताह ह्यूस्टन में होने वाली G20 ऊर्जा बैठक में कुछ अधिकारियों को भेजेगा।