बीजेपी ने त्रिपुरा ईस्ट लोकसभा सीट से टिपरा मोथा प्रमुख की बहन को बनाया उम्मीदवार, 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में टिपरा मोथा के 13 विधायक शामिल

KNEWS DESK- भारतीय जनता पार्टी ने ऐलान किया कि त्रिपुरा के पूर्व शाही परिवार की सदस्य महारानी कृति सिंह देबबर्मा त्रिपुरा ईस्ट (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। कृति सिंह देबबर्मा शाही परिवार के वंशज और टिपरा मोथा के संस्थापक प्रद्योत देबबर्मा की बहन भी हैं। टिपरा मोथा इस महीने की शुरुआत में त्रिपुरा में बीजेपी की अगुवाई वाली सरकार में शामिल हुए थे।

त्रिपुरा में मुख्य विपक्षी दल टिपरा मोथा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा की मौजूदगी में दो मार्च को केंद्र और त्रिपुरा सरकार के साथ त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद पार्टी राज्य में बीजेपी की अगुवाई सरकार में शामिल हो गई। सात मार्च को दो विधायकों अनिमेष देबबर्मा और बृषकेतु देबबर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली थी।

कृति सिंह देबबर्मा को चुनाव मैदान में उतारने के बीजेपी के कदम की आलोचना करते हुए कांग्रेस ने कहा है कि मोथा के मामले में बीजेपी की साजिश सफल हो गई है। उसने कहा कि जो लोग ‘परिवारवाद’ के खिलाफ आवाज उठाते थे, वे अब त्रिपुरा में एक परिवार बढ़ा रहे हैं और लोग इसे देख सकते हैं। इस बीच सीपीआई (एम) ने कृति सिंह देबबर्मा को उम्मीदवार के रूप में चुनने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी की आलोचना की और इसे राज्य के लोगों का ‘अपमान’ बताया।

बता दें कि 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में टिपरा मोथा के 13 विधायक हैं। त्रिपुरा में लोकसभा की दो सीटें हैं। बीजेपी ने इससे पहले राज्यसभा सदस्य और पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब को त्रिपुरा वेस्ट सीट से उम्मीदवार बनाया था जहां से वर्तमान में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक सांसद हैं।

त्रिपुरा बीजेपी अध्यक्ष राजिब भट्टाचार्य ने कहा कि आज त्रिपुरा ईस्ट पार्लियामेंट्री कॉन्स्टीट्वेंसी के लिए हमारा जो पार्लियामेंट्री बोर्ड निर्णय लिया है और कुछ देर पहले उसको एनाउंसमेंट हुआ है है। इसमें जो कृति सिंह देबबर्मा को टिकट दिया गया है। उनकी ऐज 52 ईयर्स है और उनका जो ससुराल है, वो लोग भी रॉयल फैमिली से ताल्लुक रखते हैं और आप लोग जानते हैं कि कृति सिंह देबबर्मा भी रॉयल फैमिली से बिलॉन्ग करती हैं, तो जनजातीय डेवलपमेंट इश्यू को सामने रखते हुए हमारी भारतीय जनता पार्टी, मैं पहले दिन से ही बोल रहा हूं कि मोदी जी देश का प्रधानमंत्री फिर से बनने वाले हैं और हम लोग, जो हमारा दो सीट है ईस्ट और वेस्ट, इनमें से दो हमारा सिंबल लेकर चुनाव में उतरेंगे और दोनों सीटें भारी मतों से जिताकर हम लोग मोदी जी के हाथों को दोगुना करेंगे, ये संकल्प लेकर हम काम करेंगे।

त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष साहा ने कहा कि बीजेपी का मोथा को लेकर जो कॉन्स्पिरेसी था, जो ट्रैपिंग ये लोग करना चाहते हैं, वो सक्सेस हो गया। परिवारवाद के खिलाफ जिन लोगों का आवाज था, आज त्रिपुरा की आम जनता देख रही है, कैसे एक परिवार को बढ़ावा दे रहा है।

ये भी पढ़ें-   Lakme Fashion : लैक्मे फैशन वीक का 37वां संस्करण मुंबई में हुआ शुरू, करिश्मा तन्ना ने इवेंट में आईएनआईएफडी छात्रों के लिए किया रैंप

About Post Author