बरेली: साथ सुसाइड का बनाया प्लान, प्रेमी ने खाया जहर, प्रेमिका पर मुकरने का आरोप; तीन पर केस

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रेमी-प्रेमिका द्वारा कथित तौर पर साथ आत्महत्या करने की योजना बनाने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि योजना के मुताबिक प्रेमी रविंद्र सिंह ने जहरीला पदार्थ खा लिया, लेकिन प्रेमिका गुरप्रीत कौर ने ऐसा नहीं किया। इसके बाद रविंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर तीन महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।

मृतक के पिता गुरमेल सिंह ने आरोप लगाया कि रामपुर के चंदुआ नगला निवासी गुरप्रीत कौर ने उनके बेटे को प्रेम जाल में फंसाया और उसका वीडियो बना लिया। परिवार का दावा है कि वीडियो के जरिए रविंद्र को ब्लैकमेल किया गया और उससे करीब 25 लाख रुपये लिए गए। पैसे वापस मांगने पर उसे आत्महत्या के लिए उकसाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

परिजनों के मुताबिक, 14 सितंबर की रात गुरप्रीत ने फोन कर रविंद्र को फतेहगंज पश्चिमी स्थित टोल प्लाजा के पास बुलाया था। आरोप है कि दोनों ने वहां एक साथ आत्महत्या करने की योजना बनाई। इसके बाद रविंद्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जबकि गुरप्रीत ने जहर नहीं खाया। हालत बिगड़ने के बाद रविंद्र की मौत हो गई।

परिवार का आरोप है कि जहरीला पदार्थ खाने के बाद गुरप्रीत ने रविंद्र का वीडियो वायरल किया। वीडियो देखकर पिता गुरमेल सिंह परिजनों के साथ टोल प्लाजा पहुंचे, जहां रविंद्र मृत मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने गुरप्रीत पर दिखावे के लिए अस्पताल में भर्ती होने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुरप्रीत कौर, उसकी मां पिंदर कौर और भाभी सतेंद्र कौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *