अरुण साव और विजय शर्मा ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ, पीएम मोदी और अमित शाह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल

KNEWS DESK- छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय ने सीएम पद की शपथ ग्रहण कर ली है। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वीवीआईपी मेहमान मौजूद रहे। विष्णुदेव साय के अलावा इस बार दो उप मुख्यमंत्रियों, अरुण साव और विजय शर्मा, ने भी शपथ ग्रहण की।

अरुण साव और विजय शर्मा ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ

समारोह में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मंच पर मौजूद रहे। यह पहला मौका है जब राज्य में मुख्यमंत्री को सहयोग करने के लिए दो उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने साइंस कॉलेज मैदान में एक शपथ ग्रहण समारोह के दौरान साय और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। भाजपा ने रविवार को प्रमुख आदिवासी नेता साय (59) को छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया था। विष्णुदेव साय प्रदेश के चौथे मुख्यमंत्री हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग के कुनकुरी विधानसभा सीट से जीत हासिल की। इस क्षेत्र की सभी 14 सीटों पर अब भाजपा का कब्जा है।

ये भी पढ़ें-     तृप्ति डिमरी ने एनिमल की ग्रैंड सक्सेस के बाद बटोरी खूब लाइमलाइट, बनीं मोस्ट पॉपुलर इंडियन स्टार

About Post Author