KNEWS DESK- तमिलनाडु की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है।
पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने अन्नामलाई का इस्तीफा मंजूर किया, जिसके बाद तमिलनाडु बीजेपी में हलचल तेज हो गई है। अन्नामलाई लंबे समय से राज्य की राजनीति में बीजेपी का प्रमुख चेहरा माने जाते थे और संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है।
जानकारी के मुताबिक, 2 जून को अन्नामलाई ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपने इस्तीफे के फैसले से अवगत कराया था। हालांकि, उस समय पार्टी की ओर से उन्हें अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की सलाह दी गई थी और कहा गया था कि सभी मुद्दों पर चर्चा के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात लगभग 30 मिनट चली थी, लेकिन इस पर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया था। पार्टी के भीतर उन्हें कुछ समय के लिए इस्तीफा टालने की भी सलाह दी गई थी।
बताया जा रहा है कि अन्नामलाई पिछले कुछ महीनों से ही पार्टी छोड़ने पर विचार कर रहे थे। उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि तमिलनाडु की राजनीति में हाल के बदलाव और नए राजनीतिक समीकरणों ने भी उनके फैसले को प्रभावित किया है।
यह भी चर्चा है कि अभिनेता विजय के राजनीति में सक्रिय होने के बाद राज्य की राजनीतिक स्थिति बदल रही है। ऐसे में अन्नामलाई अब किसी जन-आंदोलन की शुरुआत कर सकते हैं, जो भविष्य में एक नई राजनीतिक पार्टी का रूप भी ले सकता है।
फिलहाल उनके इस्तीफे के बाद तमिलनाडु बीजेपी की रणनीति और संगठनात्मक ढांचे पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।