डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल में आज यानी 4 मई को हो रही मतगणना के रुझानों ने पूरे देश को चौंका दिया है। शुरुआती रुझानों में ही भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है और वर्तमान में 181 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इस बड़ी जीत की ओर बढ़ते कदमों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है, जिसमें वे बंगाल में सत्ता परिवर्तन और ‘दीदी’ की विदाई का दावा कर रहे हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो में अमित शाह आत्मविश्वास से लबरेज नजर आ रहे हैं। उन्होंने चुनावी रैलियों के दौरान ही यह भविष्यवाणी की थी कि 4 मई को जब नतीजे आएंगे, तो टीएमसी की सरकार गिर जाएगी। वीडियो में शाह कहते नजर आ रहे हैं कि “बंगाल की जनता ने इस बार अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट देने का मन बना लिया है। 4 मई को दोपहर 12 बजे तक यह साफ हो जाएगा कि बंगाल में असली परिवर्तन आ चुका है।” आज के रुझान बिल्कुल उसी दिशा में जाते दिख रहे हैं, जिसने भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह भर दिया है।
रुझानों में भाजपा की प्रचंड लहर
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों (जिनमें से 293 पर चुनाव हुए) के लिए जारी मतगणना में भाजपा फिलहाल एकतरफा जीत दर्ज करती दिखाई दे रही है। ताजा रुझानों के अनुसार, भाजपा ने जबरदस्त बढ़त बनाते हुए 181 सीटों पर अपने प्रतिद्वंदियों को पीछे छोड़ दिया है, जिससे पार्टी में भारी उत्साह का माहौल है। दूसरी ओर, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के लिए ये नतीजे बेहद चिंताजनक हैं, क्योंकि ममता बनर्जी की पार्टी महज 90 से 92 सीटों के आसपास सिमटती नजर आ रही है। यदि ये शुरुआती रुझान अंतिम परिणामों में तब्दील होते हैं, तो यह न केवल बंगाल के राजनीतिक इतिहास में भाजपा की अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक जीत होगी, बल्कि राज्य की सत्ता में एक बड़े युग परिवर्तन का संकेत भी देगी।
आसनसोल से लेकर नंदीग्राम तक हंगामा
जहाँ एक तरफ अमित शाह का वीडियो चर्चा में है, वहीं राज्य के कई हिस्सों से हिंसा और बवाल की खबरें भी आ रही हैं। आसनसोल में मतगणना केंद्र के बाहर भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच भारी झड़प हुई है, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। नंदीग्राम और भवानीपुर जैसी हाई-प्रोफाइल सीटों पर भी कांटे की टक्कर बनी हुई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अमित शाह और पीएम मोदी की सघन रैलियों, भ्रष्टाचार के मुद्दों (जैसे ‘भाईपो टैक्स’ और सिंडिकेट राज) और महिला सुरक्षा के सवाल ने टीएमसी के वोट बैंक में बड़ी सेंध लगाई है। शाह का यह वायरल वीडियो अब भाजपा समर्थकों के लिए ‘विजय गान’ की तरह बन गया है।