बंगाल में सुवेंदु राज, अमित शाह ने किया ऐलान, ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल में डेढ़ दशक से चले आ रहे तृणमूल कांग्रेस के शासन का अंत करने के बाद भाजपा अब सत्ता की कमान संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है। शुक्रवार को कोलकाता में हुई भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आधिकारिक तौर पर सुवेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा मुख्यमंत्री पद के लिए कर दी है। सुवेंदु अधिकारी अब पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की बागडोर संभालेंगे। भाजपा हाईकमान द्वारा बंगाल में विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में भेजे गए अमित शाह ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। बैठक के बाद शाह ने स्पष्ट किया, “मैं पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सुवेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करता हूँ।” इस घोषणा के साथ ही सुवेंदु के समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। पार्टी का मानना है कि सुवेंदु का जमीनी अनुभव और ममता बनर्जी के खिलाफ उनका आक्रामक रुख राज्य को नई दिशा देने में सक्षम है।

भवानीपुर के ‘जायंट किलर’ बने मुख्यमंत्री

सुवेंदु अधिकारी की यह ताजपोशी उनके राजनीतिक कद और संघर्ष का परिणाम मानी जा रही है। 2026 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु ने सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए भवानीपुर सीट पर तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक वोटों के अंतर से शिकस्त दी थी। नंदीग्राम के बाद भवानीपुर की इस जीत ने उन्हें राज्य में भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा बना दिया था।

बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत का परिणाम

4 मई को घोषित हुए चुनाव परिणामों ने पूरे देश को चौंका दिया था। 294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर कब्जा जमाया और स्पष्ट बहुमत हासिल किया। वहीं, 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट गई। भाजपा की इस आंधी ने बंगाल में ‘परिवर्तन’ की लहर को हकीकत में बदल दिया।

शपथ ग्रहण और भविष्य की चुनौतियां

सुवेंदु अधिकारी के सामने अब राज्य की कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने और चुनाव के दौरान किए गए विकास के वादों को पूरा करने की बड़ी चुनौती होगी। माना जा रहा है कि सुवेंदु की कैबिनेट में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि राज्य के हर कोने तक विकास पहुँच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *