KNEWS DESK- दिल्ली में बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 29 सितंबर को इस कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इसके शुरू होने के बाद मयूर विहार फेज-1 से एम्स तक का सफर सिग्नल-फ्री हो जाएगा और यात्रा का समय काफी कम होने की उम्मीद है।
60 मिनट का सफर 15-20 मिनट में
बारापुला फेज-3 कॉरिडोर के शुरू होने से नोएडा, गाजियाबाद और मयूर विहार से दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। अभी ट्रैफिक के कारण मयूर विहार से एम्स पहुंचने में करीब एक घंटे तक का समय लग जाता है। नया कॉरिडोर शुरू होने के बाद यह सफर करीब 15 से 20 मिनट में पूरा होने की बात कही जा रही है।
करीब 9 किलोमीटर का सिग्नल-फ्री रास्ता
इस परियोजना का उद्देश्य मयूर विहार फेज-1 और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स को सिग्नल-फ्री मार्ग से जोड़ना है। लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर सराय काले खां के पास मौजूदा बारापुला फ्लाईओवर से जुड़ेगा। इसके बाद करीब 9 किलोमीटर लंबा सीधा और सिग्नल-फ्री मार्ग तैयार होगा।
1,635 करोड़ रुपये की परियोजना
बारापुला फेज-3 परियोजना को 2014 में मंजूरी मिली थी और इसका निर्माण 2015 में शुरू हुआ था। इसे पहले 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न अड़चनों के कारण परियोजना में करीब नौ साल की देरी हुई। इसकी लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
तीन अन्य परियोजनाओं का भी कार्यक्रम
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अमित शाह दो नए फ्लाईओवर की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें मोदी मिल से कालकाजी और सावित्री सिनेमा हाफ फ्लाईओवर शामिल हैं। इसके अलावा मुकरबा चौक अंडरपास का भी उद्घाटन किया जाएगा। दिल्ली सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं से राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को जाम से राहत देने में मदद मिलेगी।