Knews Desk- भारतीय सेना में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट के साथ दस्तावेजों की जांच भी बेहद अहम होती है। अगर कोई अभ्यर्थी जरूरी दस्तावेज लेकर भर्ती रैली में नहीं पहुंचता है, तो उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में भारतीय सेना ने उम्मीदवारों को भर्ती रैली में शामिल होने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी है।
समय-समय पर भारतीय सेना की ओर से अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाती है। भर्ती रैली में पहुंचने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करना होता है। कई बार उम्मीदवार समय पर रैली स्थल पर तो पहुंच जाते हैं, लेकिन जरूरी प्रमाण पत्र या उनकी प्रतियां साथ नहीं होने के कारण उनकी भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
अग्निवीर भर्ती रैली के लिए ये दस्तावेज रखें तैयार
भारतीय सेना की भर्ती से जुड़ी जानकारी के अनुसार उम्मीदवारों को अपने जरूरी प्रमाण पत्र तैयार रखने चाहिए। इनमें स्कूल कैरेक्टर सर्टिफिकेट, कैरेक्टर सर्टिफिकेट, अनमैरिड सर्टिफिकेट, पुलिस कैरेक्टर सर्टिफिकेट और निवास प्रमाण पत्र शामिल हैं।
इसके अलावा जिन उम्मीदवारों के पास NCC का A, B या C सर्टिफिकेट है, वे इसे भी साथ रखें। खेल से जुड़े उम्मीदवारों के पास मान्य स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट होना चाहिए। वहीं रिलेशन भर्ती के तहत शामिल होने वाले उम्मीदवारों को रिलेशन सर्टिफिकेट की जरूरत पड़ सकती है। उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में 10 रुपये के स्टांप पेपर पर एफिडेविट भी तैयार रखने को कहा गया है।
रैली स्थल पर इन चीजों के साथ करें रिपोर्ट
उम्मीदवारों को भर्ती रैली स्थल पर अपने मूल दस्तावेज लेकर पहुंचना चाहिए। इनमें 10वीं और 12वीं के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, डोमिसाइल और लागू होने पर जाति प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज शामिल हैं। इनके साथ दस्तावेजों की दो सेल्फ-अटेस्टेड फोटोकॉपी भी रखनी चाहिए।
इसके अलावा एडमिट कार्ड, निर्धारित एफिडेविट और दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए ट्रांसपेरेंट फोल्डर भी साथ रखने की सलाह दी गई है। उम्मीदवारों को अपनी संबंधित भर्ती अधिसूचना में दिए गए निर्देशों को भी ध्यान से जांच लेना चाहिए, क्योंकि भर्ती श्रेणी या रैली के अनुसार दस्तावेजों की आवश्यकता अलग हो सकती है।
दलालों से रहें सावधान
भारतीय सेना उम्मीदवारों को भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले लोगों से सतर्क रहने की सलाह देती है। अगर कोई व्यक्ति पैसे लेकर सेना में नौकरी दिलाने की गारंटी देता है या भर्ती कराने का दावा करता है, तो उम्मीदवारों को ऐसे लोगों के झांसे में नहीं आना चाहिए।
सेना में भर्ती निर्धारित प्रक्रिया और उम्मीदवार की योग्यता के आधार पर होती है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भर्ती के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्ति की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की सलाह दी गई है।