आगरा में रक्षामंत्री ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए विपक्ष पर साधा निशाना

KNEWS DESK… मोदी सरकार के केंद्र में 9 साल पूरे होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान के आखिरी चरण में भाजपा ने घर-घर संपर्क अभियान की तैयारी कर ली है। इसी के तहत रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार की सुबह आगरा पहुंचे। उनकी पहली जनसभा फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के कागारौल में हुई। जहां पर राजनाथ सिंह ने कहा कि आज 25 जून का दिन है। इसी दिन 1975 में आपातकाल लगाया गया था और लोकतंत्र का गला घोंट दिया गया था। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी लोकतंत्र का गला घोंट रही है तो हिमाचल, कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार कैसे बन गई।

दरअसल आपको बता दें कि केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा को लेकर शनिवार को GIC मैदान में भूमि पूजन किया गया था। कागारौला के किदवई इंटर काॅलेज मैदान में होने वाली जनसभा के लिए कमिश्नर डाॅ. प्रीतिंदर व अन्य अधिकारियों ने निरिक्षण किया था। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि रक्षा मंत्री संगठन के साथ ही प्रदेश का नेतृत्व भी कर चुके हैं। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्षी दल केवल आलोचना तक सीमित रह गए है। भाजपा ने जनता का विश्वास जीता है। यही कारण है कि अब विपक्षी दल एकजुट होने का दिखावा कर रहे हैं, लेकिन आगामी चुनाव में विपक्ष का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, जीएस धर्मेश, अशफाक सैफी, निर्मला दीक्षित, हेमेंद्र शर्मा, डॉ. यादवेंद्र शर्मा, हेमंत भोजवानी, नवीन गौतम, गौरव शर्मा, सुनील कर्मचंदानी आदि मौजूद रहे।

About Post Author