डिजिटल डेस्क- मुंबई के बाइकुला इलाके में एक मामूली सी घटना ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस मामले में भारत के पूर्व क्रिकेटर और टीएमसी सांसद यूसुफ पठान के ससुर सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। जानकारी के मुताबिक, घटना 18 अप्रैल की रात करीब 9 बजे की है। युसुफ खान नाम का एक स्थानीय निवासी अपने घर लौट रहा था। रास्ते में सड़क पर जमा पानी उसकी कार से उछलकर शोएब खान नामक व्यक्ति पर गिर गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि युसुफ खान ने तुरंत गाड़ी से उतरकर माफी भी मांगी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ और विवाद बढ़ता चला गया।
शिकायत दर्ज कराने जाते समय भी किया हमला
आरोप है कि गुस्से में आकर शोएब खान ने बांस से युसुफ खान की कार का शीशा तोड़ दिया और उसके साथ मारपीट की। इस हमले में युसुफ खान गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह वह अपने घर पहुंचे, जहां परिजनों ने उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जब युसुफ खान पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे, तभी रास्ते में खालिद खान (यूसुफ पठान के ससुर), उनके बेटे उमरशा, शोएब खान और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि यहां एक बार फिर बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
लाठियों, बेसबॉल से बुरी तरह पीटने का लगा आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से युसुफ खान और उनके परिजनों पर हमला कर दिया। इस हमले में युसुफ खान के साले सलमान गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। वहीं, उनके चाचा जाकी अहमद को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए खालिद खान, उनके बेटे और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चौथे आरोपी शहबाज पठान की तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।