डिजिटल डेस्क- पंजाब के सरहदी जिले अमृतसर से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। बुधवार देर रात अमृतसर के खासा स्थित आर्मी कैंप के बाहर एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा। रात के सन्नाटे में हुए इस ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 11:00 बजे की है। खासा कैंप स्थित सेना के परिसर की बाहरी दीवार के पास अचानक एक धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आवाज सुनकर ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा हादसा हुआ हो। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सेना के कैंप की बाहरी दीवार पर लगे टिन शेड को नुकसान पहुँचा है। घटना के तुरंत बाद सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया और पूरे इलाके को सील कर दिया।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा
धमाके की सूचना मिलते ही अमृतसर रूरल और अर्बन पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता फॉरेंसिक टीमें और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। सुरक्षा बलों ने रात भर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ब्लास्ट किस तरह के विस्फोटक से हुआ था। अमृतसर रूरल के सहायक पुलिस आयुक्त (एसी) आदित्य वारियर ने बताया कि पुलिस को ब्लास्ट की सूचना मिली थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा, “हमारी टीमें और सेना के अधिकारी मौके पर हैं। बम डिस्पोजल स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स बारीकी से जांच कर रहे हैं। अभी जांच शुरुआती चरण में है, इसलिए कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जैसे ही पुख्ता तथ्य सामने आएंगे, उन्हें साझा किया जाएगा।”
जालंधर की घटना के बाद बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि अमृतसर की इस घटना से कुछ समय पहले जालंधर के बीएसएफ चौक पर भी एक एक्टिवा स्कूटर में धमाका हुआ था। जालंधर धमाके का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटर के परखच्चे उड़ते देखे जा सकते हैं। हालांकि जालंधर पुलिस उसे एक हादसा मानकर स्कूटर मालिक से पूछताछ कर रही है, लेकिन अमृतसर में आर्मी कैंप के पास हुए इस ताजा धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। अमृतसर एक सीमावर्ती जिला होने के कारण हमेशा सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहता है। आर्मी कैंप को निशाना बनाकर किया गया यह संभावित हमला है या महज कोई दुर्घटना, इसकी जांच गहनता से की जा रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और चेक पोस्ट पर वाहनों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।