KNEWS DESK- लखनऊ के विकासनगर इलाके में बुधवार शाम भीषण आग ने ऐसी तबाही मचाई कि सैकड़ों परिवार पल भर में बेघर हो गए। इस अग्निकांड में 250 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गईं, जबकि आग की चपेट में आने से बच्चों की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में उसने पूरे इलाके को अपनी गिरफ्त में ले लिया। झुग्गियों में रखे 30 से अधिक गैस सिलेंडरों के एक के बाद एक फटने से हालात और भी भयावह हो गए। धमाकों की आवाज और उठती लपटों ने लोगों में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि आग की लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।
हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आसपास के लगभग 20 मकानों को खाली कराया, ताकि आग और फैलने से रोका जा सके। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की करीब 20 गाड़ियों ने लगातार तीन घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी।
इस घटना में भारी जान-माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई परिवारों का पूरा सामान जल गया और वे खुले आसमान के नीचे आ गए। कुछ लोगों ने दावा किया कि आग में बच्चों की मौत हुई है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। मवेशियों के जलने की भी खबरें सामने आई हैं।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई लोग अपने लापता परिजनों की तलाश में जुटे हैं। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने इस आग को साजिश बताते हुए जानबूझकर आग लगाए जाने का आरोप भी लगाया है, जिसकी जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों के लिए हर संभव सहायता और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं। यह हादसा एक बार फिर शहरी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।