KNEWS DESK- दिवाली से पहले तमिलनाडु में लोगों को महंगाई का झटका लगा है। को-ऑपरेटिव डेयरी कंपनी Aavin ने घी, मक्खन, दही, लस्सी, मिल्कशेक और मिठाइयों समेत 63 डेयरी उत्पादों की कीमतें बढ़ा दी हैं। नई दरें 28 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी। कंपनी ने कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कच्चे माल और उत्पादन लागत में इजाफे को वजह बताया है।
त्योहार के दौरान मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतें बढ़ने से ग्राहकों का बजट प्रभावित हो सकता है।
घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी
Aavin ने घी और मक्खन के दाम बढ़ा दिए हैं। अब 100 ग्राम घी का पैक 85 रुपये के बजाय 95 रुपये में मिलेगा। वहीं, 500 मिलीलीटर घी की कीमत 365 रुपये से बढ़कर 400 रुपये हो गई है।
मक्खन खरीदने के लिए भी ग्राहकों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। इसके 100 ग्राम पैक की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 70 रुपये कर दी गई है।
रसगुल्ला और गुलाब जामुन भी महंगे
दिवाली पर मिठाइयां खरीदने वालों की जेब पर भी असर पड़ेगा। कंपनी ने रसगुल्ला और गुलाब जामुन समेत कई मिठाइयों के दाम बढ़ाए हैं। अब 100 ग्राम रसगुल्ला 45 रुपये के बजाय 50 रुपये में मिलेगा। वहीं, गुलाब जामुन की कीमत में 30 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की गई है।
28 अक्टूबर से लागू होंगी नई कीमतें
कंपनी के मुताबिक, कच्चे माल और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कुल 63 उत्पादों की नई दरें बुधवार, 28 अक्टूबर से लागू होंगी। दिवाली से ठीक पहले डेयरी उत्पादों के महंगे होने से त्योहार की खरीदारी का खर्च बढ़ सकता है।