ईरान के बुशहर न्यूक्लियर साइट के पास 5.5 तीव्रता का भूकंप, परमाणु परीक्षण का है शक…

KNEWS DESK- ईरान में बुशहर न्यूक्लियर साइट से करीब 100 किलोमीटर दूर बिदुखन में गुरुवार सुबह भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 मापी गई और भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप की वजह से स्थानीय लोग सकते में हैं, क्योंकि यह ऐसा समय है जब ईरान पर अमेरिका के संभावित हमले की खबरें सामने आ रही हैं।

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंस ने पुष्टि की कि दक्षिण ईरान में भूकंप भारतीय समयानुसार लगभग 10 बजे सुबह महसूस किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि परमाणु परीक्षण के दौरान भी 4 से 5.5 तीव्रता के भूकंप आते हैं, इसलिए अभी यह तय नहीं हो पाया है कि यह सामान्य भूकंप था या किसी परीक्षण से जुड़ा। ईरान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

बुशहर ईरान का एकमात्र चल रहा न्यूक्लियर साइट है, जहां यूरेनियम के जरिए बिजली का उत्पादन किया जाता है। रूस इस साइट के संचालन में अहम भूमिका निभाता है और हाल ही में यहां 8 और नई साइटें बनाने की घोषणा की है। जानकारों का कहना है कि बुशहर में ईरान चुपचाप परमाणु हथियार विकसित करने की क्षमता रखता है।

इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी ऑर्गेनाइजेशन के अनुसार, ईरान के पास वर्तमान में 440 किलो यूरेनियम मौजूद है। जून 2025 में इसका 60 प्रतिशत संवर्धन हुआ था। 90 प्रतिशत तक संवर्धित होने पर इसे परमाणु हथियार निर्माण में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके आधार पर, ईरान के पास लगभग 10 परमाणु हथियार बनाने का पर्याप्त यूरेनियम है।

अमेरिका ने हाल ही में ईरान से इस संवर्धित यूरेनियम को ट्रांसफर करने के लिए दबाव बढ़ाया है। इस दिशा में ओमान और जिनेवा में वाशिंगटन और तेहरान के बीच बैठकें भी हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *