हिंदू होने का मतलब बताते हुए राहुल गांधी ने किया पोस्ट, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ हेडिंग के साथ सुन्दर सा लेख

KNEWS DESK- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सत्यम शिवम सुंदरम हेडिंग के साथ एक लेख की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर अपलोड की| इसके जरिए उन्होंने हिंदुत्व की विचारधारा और इसमें निहित करुणा, प्रेम, त्याग, दया को रेखांकित किया है| राहुल गांधी के इस पोस्ट पर सभी यूजर्स अपनी राय दे रहे हैं|

पोस्ट पर राहुल गांधी ने लिखा है- सत्यम् शिवम् सुंदरम्…एक हिंदू अपने अस्तित्व में समस्त चराचर को करुणा और गरिमा के साथ उदारतापूर्वक आत्मसात करता है, क्योंकि वह जानता है कि जीवनरूपी इस महासागर में हम सब डूब-उतर रहे हैं| निर्बल की रक्षा का कर्तव्य ही उसका धर्म है|

इसी के साथ जो तस्वीर उन्होंने शेयर की उसमें लिखा है, एक हिंदू में अपने भय को गहनता में देखने और उसे स्वीकार करने का साहस होता है| जीवन की यात्रा में वह भयरूपी शत्रु को मित्र में बदलना सीखता है| भय उस पर कभी हावी नहीं हो पाता, वरन घनिष्ठ सखा बनकर उसे आगे की राह दिखाता है| एक हिंदू का आत्म इतना कमजोर नहीं होता कि वह अपने भय के वश में आकर किसी किस्म के क्रोध, घृणा या प्रतिहिंसा का माध्यम बन जाये|

तस्वीर में आगे लिखा- हिंदू जानता है कि संसार की समस्त ज्ञानराशि सामूहिक है और सब लोगों की इच्छाशक्ति व प्रयास से उपजी है| यह सिर्फ उस अकेले की संपत्ति नहीं है| सब कुछ सबका है| वह जानता है कि कुछ भी स्थायी नहीं और संसार रूपी महासागर की इन धाराओं में जीवन लगातार परिवर्तनशील है| ज्ञान के प्रति उत्कट जिज्ञासा की भावना से संचालित हिंदू का अंतःकरण सदैव खुला रहता है| वह विनम्र होता है और इस भवसागर में विचर रहे किसी भी व्यक्ति से सुनने-सीखने को प्रस्तुत|

लेख में आगे लिखा है, हिंदू सभी प्राणियों से प्रेम करता है| वह जानता है कि इस महासागर में तैरने के सबके अपने-अपने रास्ते और तरीके हैं| सबको अपनी राह पर चलने का अधिकार है| वह सभी रास्तों से प्रेम करता है, सबका आदर करता है और उनकी उपस्थिति को बिल्कुल अपना मानकर स्वीकार करता है|

बता दें कि बीजेपी सरकार के खिलाफ बने विपक्षी गठबंधन इंडिया में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी मानी जाती है| हाल ही में इन्हीं पार्टियों में शामिल कुछ नेताओं ने सनातन धर्म को लेकर काफी विवादित बयान दिया| जिस पर बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला किया और अब ऐसे में राहुल गांधी का ये पोस्ट काफी वायरल हो रहा है|

About Post Author