KNEWS DESK – अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 गुरुवार को टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भयावह हादसे ने भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शोक की लहर दौड़ा दी है। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे।
विदेश मंत्रालय ने जताया शोक
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा, “अहमदाबाद में जो घटना घटी है, वह अत्यंत दुखद है। इस दुर्घटना में हमने कई कीमती जिंदगियां खो दी हैं। मैं उन सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।”
उन्होंने आगे कहा कि इस हादसे में विदेशी नागरिकों की भी भागीदारी रही है और स्थिति अभी भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। “हमारे पास लगातार अपडेट आ रहे हैं, लेकिन सटीक विवरण के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। संबंधित एजेंसियां बचाव और राहत कार्य में लगातार लगी हुई हैं,” उन्होंने बताया।
पुर्तगाल दूतावास ने भी जताया शोक
भारत में पुर्तगाल दूतावास ने भी बयान जारी कर इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। दूतावास ने कहा,”हम भारत से यूनाइटेड किंगडम जा रहे एयर इंडिया के विमान AI171 की दुखद दुर्घटना से स्तब्ध और अत्यंत दुखी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान में सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे। हमारी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।”
पुर्तगाली दूतावास ने विदेशों में रह रहे अपने नागरिकों के लिए आपातकालीन सहायता नंबर +351 911 991 939 जारी किया है। इसके अलावा, भारत सरकार और एयर इंडिया द्वारा भी सभी प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
एयर इंडिया ने दी जानकारी
एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि फ्लाइट AI171 ने दोपहर 13:38 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। कुछ मिनटों के भीतर ही विमान से ‘मेडे कॉल’ (आपातकालीन संदेश) प्राप्त हुआ और फिर संपर्क टूट गया। इसके तुरंत बाद विमान एक रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया।
यात्रियों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया गया है। एयर इंडिया ने अपनी सोशल मीडिया डीपी को भी ब्लैक कर इस दुखद क्षण में संवेदना प्रकट की है।