‘धाकड़’ से ‘धुरंधर’ बने धामी! राजनाथ सिंह का दावा- 2027 में छक्का लगाकर फिर बनेगी सरकार

KNEWS DESK – उत्तराखंड की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें ‘धाकड़’ के बाद अब ‘धुरंधर’ करार दिया है। उनके इस बयान को चुनावी माहौल में बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।

दरअसल, उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे रक्षा मंत्री ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए 2022 के विधानसभा चुनावों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने धामी को ‘धाकड़’ कहा था, लेकिन बीते चार वर्षों में राज्य सरकार के कामकाज को देखते हुए अब वे इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि धामी ‘धुरंधर’ की तरह काम कर रहे हैं।

‘चार साल में चौका, अब छक्का बाकी’

राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल की तुलना क्रिकेट से करते हुए कहा कि उन्होंने पहले चार वर्षों में ‘चौका’ लगा दिया है और 2027 तक अपने छठे वर्ष में ‘छक्का’ लगाने की तैयारी में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर सकती है।

सरकार के कामकाज की सराहना

रक्षा मंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और फैसलों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, सैनिक कल्याण, आर्थिक विकास और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है।

उन्होंने विशेष रूप से यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने के फैसले को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। साथ ही अवैध घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई और नकल विरोधी कानून को भी उन्होंने सराहा।

चुनावी संकेत तेज

राजनाथ सिंह के इस बयान को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के अभियान की शुरुआती झलक के तौर पर देखा जा रहा है। ‘धाकड़’ से ‘धुरंधर’ तक की यह राजनीतिक ब्रांडिंग साफ संकेत देती है कि पार्टी धामी के नेतृत्व में ही चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *