बीजेपी ने संजय सिंह की गिरफ्तारी पर कहा- ‘ना खाएंगे ना खाने देंगे और जिसने खाया है उससे निकलवाएंगे’

KNEWS DESK- आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को शराब नीति घोटाले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर पार्टी का कहना है कि संजय सिंह की गिरफ्तारी बदले की भावना से की गई है| वहीं बीजेपी ने कहा- ये गिरफ्तारी की वजह शराब घोटाला है| संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद सभी विपक्ष बीजेपी पर हमलावर है| विपक्ष के अनुसार, सरकारी एजेंसियों के जरिए विपक्ष को डराया जा रहा है|

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने गुरुवार यानि आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया, जहां उन्होंने कहा- संजय सिंह की गिरफ्तारी शराब घोटाले को लेकर हुई है| बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि आप घोटाले को लेकर जब पंजाब में कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई करती है, तो उसको सही ठहराया जाता है| मगर जब उनके नेताओं पर कार्रवाई होती है, तो उसको गलत ठहराया जाता है|

उन्होंने आगे कहा कि संजय सिंह कह रहे थे शराब घोटाले की चार्जशीट में उनका नाम नहीं है| मगर वह झूठ बोल रहे थे| उनका कहना था कि उनके घर से कुछ नहीं निकला है| अगर सच में ऐसा होता, तो फिर ईडी उनको गिरफ्तार नहीं करती| बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि शराब घोटाले के सरकारी गवाह दिनेश अरोड़ा को संजय सिंह ने फोन किया था| उन्होंने शराब घोटाले का आरोप सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी पर लगाया है|

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, संजय सिंह के यहां छापेमारी के बाद जो डॉक्यूमेंट्स बाहर आए हैं, वो आम आदमी पार्टी के बहुत ऊपर तक पहुंच रहे हैं| ये किसी न किसी ऐसे व्यक्ति को फंसाएगी, जो आम आदमी पार्टी की चेन में बहुत बड़ा है| पहली बार पूरे विश्व में ऐसा हुआ है कि शराब को बोतलें ज्यादा बिकी लेकिन पैसा कम आया| यह लोग कहते थे कि कानून अपना काम करेगा और अब कानून पर ही सवाल उठा रहे हैं| उन्होंने कहा कि शराब घोटाले में जो लोग भी शामिल हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा| बीजेपी

प्रवक्ता ने कहा कि संजय सिंह के साथ भी वही होने वाला है, जो मनीष सिसोदिया के साथ हुआ है| बीजेपी ने कहा है कि ना खाएंगे ना खाने देंगे और जिसने खाया है उससे निकलवा भी लेंगे| आपको बता दें कि मनीष सिसोदिया शराब घोटाले के चलते अब भी जेल में बंद हैं|

रायपुर में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी शराब घोटाले पर बात करते हुए कहा कि लोग अरविंद केजरीवाल पर हंस रहे हैं और उनके चेहरे का तनाव देख रहे हैं| आप के उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, शिक्षा मंत्री जेल में हैं| जिस-जिस को अरविंद केजरीवाल ईमानदारी का सर्टिफिकेट बांटते रहे वे 1 साल से जेल में हैं|

About Post Author