KNEWS DESK- भारत ने बर्ड फ्लू के खिलाफ पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन तैयार कर ली है। भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने इसे विकसित किया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
H5N1 वायरस के खिलाफ तैयार की गई वैक्सीन
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, यह मुर्गियों के लिए निष्क्रिय H5N1 क्लेड 2.3.2.1A अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) वायरस वैक्सीन है। संस्थान का दावा है कि भारत में H5N1 HPAI वायरस के इस क्लेड के खिलाफ यह अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है।
बर्ड फ्लू से पोल्ट्री किसानों को भारी नुकसान
HPAI को आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है। इसके प्रकोप से संक्रमित पक्षियों की बड़े पैमाने पर मौत हो सकती है। बीमारी फैलने पर पक्षियों को मारने और व्यापार पर प्रतिबंध लगाने की स्थिति बनती है, जिससे पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है।
केंद्र के अनुसार, एक बड़ा बर्ड फ्लू प्रकोप भारत की GDP वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है। बीमारी के अनियंत्रित फैलाव की स्थिति में देश की 20 फीसदी से अधिक पोल्ट्री आबादी प्रभावित और नष्ट होने का खतरा है। 2006 के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2200 से 3000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
इंसानों में भी सामने आए संक्रमण के मामले
मंत्रालय के अनुसार, H5N1 क्लेड 2.3.2.1A मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के वर्षों में यह वायरस कई पशु प्रजातियों, जिनमें स्तनधारी भी शामिल हैं, में पाया गया है। भारत में इंसानों में भी इसके तीन मामले सामने आए हैं।
केंद्र के मुताबिक, वर्तमान में H5N1 क्लेड 2.3.2.1A के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में NIHSAD द्वारा विकसित स्वदेशी वैक्सीन का उद्देश्य देश में फैल रहे इस वायरस के खिलाफ मुर्गियों को सुरक्षा देना और पोल्ट्री क्षेत्र को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करना है।