दिल्ली सीएम केजरीवाल ने चंडीगढ़ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को दिलाई सदस्यता  

चंडीगढ़।  आम आदमी पार्टी में शामिल हुए  चंडीगढ़ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा, कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अटकलें लगाई जा रही थी कि छाबड़ा आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं।  कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के साथ छाबड़ा का गतिरोध होने के चलते पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने एक सप्ताह पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा था। वह पिछले 2 माह से लगातार पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला पर आरोप लगा रहे थे इन दोनों नेताओं से वह नाराज थे। सुभाष चावला और प्रदीप छाबड़ा के बीच इन दिनों 36 का आंकड़ा था।

पिछले सप्ताह शुक्रवार को प्रदीप छाबड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। हालांकि पार्टी हाईकमान ने उनके इस्तीफे को मंजूर नहीं किया था। पार्टी प्रभारी हरीश रावत ने प्रदीप छाबड़ा से फोन पर भी बात की थी। रावत ने छाबड़ा को इस्तीफा वापस लेने के लिए कहा था। वहीं, आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि प्रदीप छाबड़ा को आम आदमी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी जा सकती है।

कांग्रेस में छाबड़ा के 35 साल

35 साल से कांग्रेस से जुड़े छाबड़ा चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक छाबड़ा जल्द ही चंडीगढ़ में एक बड़ा कार्यक्रम कर अपने समर्थकों को भी पार्टी में शामिल करवाएंगे। दिसंबर में निगम चुनाव हैं और ऐसे अनुमान लगाए जा रहे हैं कि छाबड़ा और उनके समर्थकों का AAP में शामिल होने से कांग्रेस को चुनाव में नुकसान हो सकता है।

About Post Author