पहाड़ों में मैगी बेचकर दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर ने कमाए 24,000 रुपये, वीडियो हुआ वायरल

Knews Desk- पहाड़ों की ठंडी वादियों में गरमागरम मैगी का स्वाद टूरिस्ट्स के लिए किसी जादू से कम नहीं होता। इसी लोकप्रियता को एक नए अंदाज में आज़माते हुए दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर देवांश त्यागी ने एक अनोखा एक्सपेरिमेंट किया, जिसने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है। इंस्टाग्राम पर अपने चैलेंज वीडियो के लिए मशहूर देवांश ने यह जानने की कोशिश की कि क्या पहाड़ी इलाकों में मैगी बेचकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।

कुर्सियां और टेबल लगाकर बनाया एक मिनी फूड पॉइंट

इस प्रयोग के लिए देवांश ने एक खूबसूरत पहाड़ी पर्यटन स्थल को चुना और वहां एक छोटा अस्थायी स्टॉल तैयार किया। उन्होंने कुछ कुर्सियां और टेबल लगाकर इसे एक मिनी फूड पॉइंट का रूप दिया। शुरुआत में ही यह स्टॉल पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया, क्योंकि ठंडे मौसम में गरम मैगी की मांग काफी अधिक थी। देवांश ने अपने स्टॉल पर दो तरह की मैगी रखी साधारण मैगी जिसकी कीमत 100 रुपये प्रति प्लेट थी, और बटर मैगी जिसकी कीमत 120 रुपये प्रति प्लेट रखी गई। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, स्टॉल पर भीड़ बढ़ती गई और धीरे-धीरे पूरा स्टॉक खत्म हो गया। वीडियो में दिखाया गया कि पर्यटक लगातार मैगी खरीद रहे थे और स्टॉल पर अच्छी बिक्री हो रही थी।

दिन खत्म होने तक देवांश ने दावा किया कि उनकी कुल बिक्री लगभग 24,000 रुपये तक पहुंच गई। इस आंकड़े को उन्होंने अपने वीडियो में साझा किया, जिसके बाद यह कंटेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई यूजर्स ने इस कमाई को देखकर हैरानी जताई और इसे एक सफल छोटे बिजनेस आइडिया के रूप में देखा।

https://www.instagram.com/reel/DYPk3e4Igl1/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

हालांकि, इस वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई। कई यूजर्स ने कहा कि अगर मैगी के पैकेट, बटर, गैस, डिस्पोजेबल बर्तन, किराया और ट्रांसपोर्ट जैसे खर्चों को जोड़ दिया जाए, तो असली मुनाफा काफी कम रह जाएगा। कुछ लोगों ने इसे एक अच्छा मार्केटिंग स्टंट बताया, जबकि कुछ ने इसे असली बिजनेस मॉडल के तौर पर भी देखा।

बीडीयो वायरल होने पर कमेंट्स की भरमार

वीडियो पर मजेदार कमेंट्स की भी भरमार रही। एक यूजर ने लिखा कि “क्या आपके स्टॉल पर इंटर्न की जरूरत है, मैं अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ने को तैयार हूं।” दूसरे यूजर ने कहा, “नया स्टार्टअप आइडिया मिल गया, अब सीधे पहाड़ों में मिलते हैं।” एक अन्य यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, “जब तक नदी का पानी इस्तेमाल नहीं किया, तब तक ठीक था।” इस पूरे प्रयोग ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि सोशल मीडिया पर छोटे-छोटे बिजनेस आइडिया भी बड़ी चर्चा पैदा कर सकते हैं। खासकर पर्यटन स्थलों पर फूड स्टॉल्स की मांग कितनी ज्यादा हो सकती है, यह भी इस वीडियो से साफ हुआ।

देवांश त्यागी का यह वीडियो न सिर्फ मनोरंजन का साधन बना बल्कि इसने कई युवाओं को छोटे व्यवसाय और कंटेंट क्रिएशन की संभावनाओं पर सोचने के लिए भी प्रेरित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *