Bangladesh Hair Robbery: सोना-नकदी छोड़ 330 किलो इंसानी बाल लूट ले गए बदमाश, कीमत 1 करोड़ टका से ज्यादा

KNEWS DESK- बांग्लादेश में लूट की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। आमतौर पर बदमाश नकदी, सोना या अन्य कीमती सामान लूटते हैं, लेकिन यहां हथियारबंद गिरोह ने एक कवर्ड वैन को रोककर करीब 330 किलो इंसानी बाल लूट लिए। इन बालों की कीमत एक करोड़ बांग्लादेशी टका से अधिक बताई जा रही है।

यह घटना चुआडांगा जिले के दमुरहुदा उपजिला के कोशाघाटा इलाके में शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, सात से आठ हथियारबंद बदमाशों ने कवर्ड वैन को रोका और उसमें रखे इंसानी बालों से भरे 23 बोरे लूटकर फरार हो गए।

दो आरोपी गिरफ्तार, बाल बरामद

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कवर्ड वैन के ड्राइवर मोहम्मद शाहिदुल इस्लाम और एक फैक्ट्री मैनेजर सनवर हुसैन संटू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर लूटे गए बालों के सभी 23 बोरे बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी अभियान जारी है। घटना को लेकर दमुरहुदा मॉडल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

प्रोसेसिंग के लिए ले जाए जा रहे थे बाल

बांग्लादेश हेयर प्रोसेसिंग स्मॉल बिजनेस कोऑपरेटिव एसोसिएशन के अध्यक्ष अतियार रहमान तगीदार के मुताबिक, बालों की यह खेप करपासडांगा की एक फैक्ट्री से प्रोसेसिंग के लिए ले जाई जा रही थी। कंसाइनमेंट में 22 कारोबारियों के 23 बोरे शामिल थे। व्यापारियों के मुताबिक, चोरी किए गए बालों की बाजार कीमत एक करोड़ टका से ज्यादा है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 79 लाख रुपये बताई गई है।

तगीदार ने कहा कि बाल बरामद होने के बावजूद कारोबारी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। घटना के बाद चुआडांगा जिला डिटेक्टिव ब्रांच और दमुरहुदा मॉडल पुलिस की कई टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस लूट की साजिश के पीछे कौन लोग थे और इतने बड़े कंसाइनमेंट को निशाना बनाने की वजह क्या थी। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *