Kharmas 2026 Date: दिसंबर में सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास की शुरुआत हो जाएगी। इस अवधि में विवाह और कई अन्य मांगलिक कार्यों को करना शुभ नहीं माना जाता है। जानिए खरमास कब से शुरू होगा और इस दौरान किन नियमों का पालन करना चाहिए।
KNEWS DESK- साल 2026 का आखिरी खरमास दिसंबर महीने में शुरू होने जा रहा है। वैदिक ज्योतिष के अनुसार, जब सूर्य देवगुरु बृहस्पति की राशि धनु या मीन में प्रवेश करते हैं, तब खरमास की अवधि शुरू होती है। इस दौरान विवाह समेत कई शुभ और मांगलिक कार्यों पर रोक लग जाती है।
मान्यता है कि गुरु की राशि में सूर्य के स्थित होने के कारण सूर्य का प्रभाव कमजोर हो जाता है। ऐसे में विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए यह समय अनुकूल नहीं माना जाता। खरमास समाप्त होने के बाद ही दोबारा शुभ कार्यों की शुरुआत होती है।
16 दिसंबर से शुरू होगा खरमास
द्रिक पंचांग के अनुसार, सूर्य देव 16 दिसंबर 2026 को धनु राशि में प्रवेश करेंगे। सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास की शुरुआत हो जाएगी। यह अवधि 14 जनवरी 2027 तक रहेगी।
14 जनवरी 2027 को सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे और इसी के साथ मकर संक्रांति के दिन खरमास समाप्त हो जाएगा। इसके बाद विवाह और अन्य मांगलिक कार्य फिर से शुरू किए जा सकेंगे।
इससे पहले 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ विवाह का दौर शुरू हुआ था। अब खरमास के आरंभ के साथ एक बार फिर विवाह और दूसरे शुभ कार्यों पर विराम लग जाएगा।
खरमास में किन कामों से बचना चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरमास के दौरान विवाह, सगाई, गृह प्रवेश, घर का निर्माण और बच्चे का मुंडन संस्कार जैसे मांगलिक कार्य नहीं करने चाहिए। इस अवधि में नामकरण संस्कार से भी बचने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा खरमास के दौरान नया घर खरीदना भी शुभ नहीं माना जाता। इस अवधि में तामसिक भोजन से परहेज करने की मान्यता है। हालांकि, इस दौरान पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों को विशेष महत्व दिया जाता है। सूर्य देव की कृपा पाने के लिए रोजाना उनकी पूजा करने और अर्घ्य देने की परंपरा है।
सूर्य देव को इस तरह दें अर्घ्य
खरमास के दौरान रोजाना तांबे के लोटे से सूर्य देव को अर्घ्य देना शुभ माना जाता है। अर्घ्य के जल में लाल रोली, चावल और गुड़ मिलाया जा सकता है। इसके अलावा इस अवधि में पवित्र नदियों में स्नान और दान-पुण्य करना भी शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, खरमास में जरूरतमंद लोगों को कंबल, गर्म कपड़े, तिल और गुड़ का दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
क्यों शुभ नहीं माना जाता खरमास?
वैदिक ज्योतिष की मान्यता के अनुसार, सूर्य के धनु राशि यानी गुरु की राशि में प्रवेश करने के दौरान सूर्य का तेज और गुरु का प्रभाव कमजोर माना जाता है। विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए सूर्य और गुरु दोनों का शुभ प्रभाव महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी वजह से खरमास की अवधि को विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए अनुकूल नहीं माना जाता। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस समय किए गए शुभ कार्यों को अपेक्षित फल नहीं मिलता। इसलिए खरमास के दौरान लोग मांगलिक कार्यों से बचते हैं और पूजा-पाठ, दान तथा धार्मिक गतिविधियों पर अधिक ध्यान देते हैं।