KNEWS DESK- 73 वर्षीय अनिल कुमार डोगरा ने साबित किया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। दो मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद अब वह IGNOU से हिंदू स्टडीज में MA कर रहे हैं। बेटी के लिए किडनी दान करने के बाद करीब दो साल तक पढ़ाई से दूर रहे अनिल ने स्वास्थ्य में सुधार के बाद दोबारा किताबें थामीं और परीक्षा देने पहुंचे।
सरकारी नौकरी से रिटायर होने के बाद भी अनिल डोगरा का पढ़ाई के प्रति जुनून कम नहीं हुआ। वह हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) में सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे। पंजाब यूनिवर्सिटी से पहले ही दो मास्टर्स डिग्री हासिल कर चुके अनिल ने कुछ नया सीखने की इच्छा के चलते वर्ष 2023 में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) के हिंदू स्टडीज MA कोर्स में दाखिला लिया।
बेटी की जान बचाने के लिए दान की किडनी
अनिल डोगरा की पढ़ाई का सफर आसान नहीं रहा। MA में दाखिला लेने के बाद परिवार में स्वास्थ्य से जुड़ा बड़ा संकट आया। बेटी की जान बचाने के लिए उन्होंने अपनी एक किडनी दान कर दी। किडनी ट्रांसप्लांट और उसके बाद स्वास्थ्य लाभ में समय लगने के कारण उनकी पढ़ाई करीब दो साल तक रुक गई। हालांकि, उन्होंने पढ़ाई छोड़ने का फैसला नहीं किया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्होंने दोबारा पढ़ाई शुरू की और परीक्षा की तैयारी में जुट गए।
51 साल बाद उसी कॉलेज में बने छात्र
इस बार परीक्षा अनिल डोगरा के लिए इसलिए भी खास रही, क्योंकि उन्हें धर्मशाला के उसी राजकीय महाविद्यालय में परीक्षा केंद्र मिला, जहां उन्होंने युवावस्था में पढ़ाई की थी। करीब 51 साल बाद उसी कॉलेज में छात्र के रूप में परीक्षा देना उनके लिए यादगार अनुभव बन गया।
आज वह युवा छात्रों के साथ परीक्षा हॉल में बैठकर पेपर दे रहे हैं। उनकी कहानी बताती है कि उम्र चाहे कितनी भी हो, अगर सीखने की इच्छा और आगे बढ़ने का जज्बा हो तो पढ़ाई का सफर कभी खत्म नहीं होता।