स्वेटर-कंबल निकालते ही न करें इस्तेमाल, पहनने-ओढ़ने से पहले इन 5 बातों का रखें ध्यान

KNEWS DESK- सर्दियों की शुरुआत होते ही लोग अलमारी में रखे स्वेटर, कंबल, रजाई और गर्म कपड़े बाहर निकाल लेते हैं। लेकिन इन्हें लंबे समय तक बंद करके रखने के बाद सीधे इस्तेमाल करना सही नहीं माना जाता। लंबे समय तक अलमारी में पड़े रहने के कारण इनमें नमी, धूल और बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जिससे एलर्जी और त्वचा से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं।

खासकर घर में बच्चे, बुजुर्ग या एलर्जी से परेशान लोग हों तो गर्म कपड़ों और बिस्तर को इस्तेमाल करने से पहले उनकी अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है। ऐसे में अलमारी से कंबल, रजाई, गद्दे और गर्म कपड़े निकालने के बाद कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

दाग, सीलन और फफूंद जरूर जांचें

अलमारी से गर्म कपड़े और बिस्तर बाहर निकालने के बाद सबसे पहले उन्हें अच्छी तरह देखें। कहीं उन पर सीलन, दाग या फफूंद तो नहीं लगी है, इसकी जांच करें। अगर किसी कपड़े या बिस्तर पर फफूंद दिखाई दे तो उसे साफ किए बिना इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे एलर्जी की समस्या हो सकती है।

इस्तेमाल से पहले अच्छी तरह साफ करें

कंबल, रजाई, गद्दे और गर्म कपड़ों को बाहर निकालने के बाद मुलायम ब्रश से अच्छी तरह झाड़ लें। इससे लंबे समय से जमा धूल-मिट्टी हट जाएगी। जरूरत के मुताबिक डिसइंफेक्टेंट लिक्विड का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। अगर कोई गर्म कपड़ा गंदा है तो उसे धोने के बाद ही इस्तेमाल करें।

धूप और हवा जरूर दिखाएं

सफाई करने के बाद गर्म कपड़ों और बिस्तर को कम से कम 1 से 2 दिन तक अच्छी तरह धूप दिखाना जरूरी है। इससे सीलन और बंद रहने के कारण आने वाली बदबू दूर करने में मदद मिलती है। साथ ही फंगस और बैक्टीरिया से जुड़ी समस्या को कम करने में भी मदद मिल सकती है। सर्दियों के मौसम में भी कंबल, रजाई और दूसरे बिस्तर को हर 8 से 12 या 15 दिन में धूप दिखाते रहना चाहिए।

गर्म कपड़े धोते समय इन बातों का रखें ध्यान

ऊनी और गर्म कपड़ों को धोते समय बहुत ज्यादा हार्श डिटर्जेंट का इस्तेमाल करने से बचें। इनके लिए माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट बेहतर विकल्प रहता है। अगर किसी कपड़े का रंग फेड होने का डर है तो उसे तेज सीधी धूप में रखने के बजाय अप्रत्यक्ष धूप और हवादार जगह पर सुखाएं। कपड़ों को धोते समय बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे ऊनी कपड़े सिकुड़ सकते हैं।

ऊनी कपड़ों को रगड़ने और कसकर निचोड़ने से बचें

स्वेटर और दूसरे ऊनी कपड़ों को ब्रश से जोर-जोर से रगड़ने या धोने के बाद कसकर निचोड़ने से बचना चाहिए। ऐसा करने से कपड़ों का आकार बिगड़ सकता है और उनमें रोएं निकलने लग सकते हैं।

कुछ खास गर्म कपड़ों जैसे पश्मीन शॉल, ब्लेजर और कोट आदि को घर पर धोने के बजाय ड्राई क्लीन कराना ज्यादा बेहतर रहता है। इस तरह सर्दियों में अलमारी से निकाले गए गर्म कपड़ों और बिस्तर को साफ-सुथरा रखने के साथ उन्हें लंबे समय तक सुरक्षित भी रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *