स्वयंसेवक 100 साल से तप रहे, आगे भी तपना होगा… ‘राष्ट्र वंदनम्’ में बोले मोहन भागवत

KNEWS DESK- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित समरसता स्थल में आयोजित ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम में देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और संघ के भविष्य के लक्ष्य पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक 100 साल से तप रहे हैं और आगे भी उन्हें इसी तरह तपते रहना होगा। संघ ने शताब्दी वर्ष को केवल उत्सव का अवसर नहीं बनाया, बल्कि समाज से संपर्क, संवाद और सेवा के काम को बढ़ाने पर जोर दिया।

भागवत ने कहा कि संघ ने देश के साथ विदेशों में भी समाज और हिंदुओं के लिए जरूरी कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में थोड़ी खटपट होना नई बात नहीं है। परिवार में भी मतभेद होते हैं, लेकिन इसके बावजूद परिवार एक कुटुंब बना रहता है। इसी तरह देश में भी लोग फूट डालने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन हम सभी एक हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई विदेशी भारत पर हमला करता है तो सारे मतभेद और झगड़े खत्म हो जाते हैं।

नई पीढ़ी में भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने की चाहत

मोहन भागवत ने कहा कि नई पीढ़ी में भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने की इच्छा है। युवाओं को संवाद और संपर्क चाहिए और उनमें पराक्रम भी है। उन्होंने महात्मा गांधी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदू सतत सत्य की खोज का नाम है। उन्होंने कहा कि भारत के सभी लोग एक हैं और यह भावना लोगों के हृदय में मजबूत हो रही है।

भागवत ने कहा कि भारत में अनेक पंथ और संप्रदाय रहते हैं और सभी सुरक्षित तथा सम्मानित हैं। उन्होंने समाज में सबके प्रति अपनेपन की भावना को जरूरी बताया। संघ के शताब्दी समारोह में सद्भावना बैठकें आयोजित की गईं और आगे भी इन्हें जारी रखने की बात कही।

100 साल पूरे हुए, लेकिन आराम का समय नहीं

भागवत ने कहा कि संघ के 100 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन यह आराम करने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे समाज को संघमय बनाना है, भले ही लोग शाखा में न आएं। समाज की विविधता के बावजूद सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा और दोषों को हटाकर सद्गुणों को अपनाना होगा।

उन्होंने स्वयंसेवकों से आगे भी तपते रहने का आह्वान किया। भागवत ने समुद्र मंथन का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे शिवजी ने विश्व के कल्याण के लिए विष को ग्रहण किया, वैसे ही स्वयंसेवकों को भी समाज के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि सबको साथ लेकर चलना है, सबको जगाना है और आगे के काम के लिए अब 100 साल का इंतजार नहीं करना है।

कार्यक्रम में पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, जेपी नड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर 101 फीट के ध्वज दंड की स्थापना भी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *